आगरालीक्स…आगरा के बाजार में छाईं सुंदर—सुंदर राखियां. पारंपरिक डिजाइनिंग राखियां आज भी सबकी पहली पसंद. आनलाइन नाम लिखी राखियों का भी चलन…जानें कितने हैं इनके रेट
भाई और बहन के प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व इस बार 28 अगस्त को मनाया जाएगा. रक्षाबंधन में कुछ ही दिन शेष रह गए हैं ऐसे में आगरा में राखियों का बाजार भी सज गया है. हर मार्केट में राखियां की स्टॉल्स लगी दिखाई दे रही हैं जहां एक से बढ़कर एक सुंदर राखियां मन को भा रही हैं. आज रविवार को वीकेंड पर बाजारों में जमकर भीड़ रही, खासकर राखियों की खरीदारी जमकर की गई.
पारंपरिक राखियां आज भी सबसे पहली पसंद
समय के साथ साथ राखियों की डिजाइन और उनकी बनावट में परिवर्तन आया है लेकिन आज भी पारंपरिक राखियां सबसे अधिक पसंद की जाती हैं. कुंदन, जरदोजी, रेशम के धागे और असली रुद्राक्ष से बनी राखियां बाजार में अपनी खास जगह बनाए हुए हैं. इनके अलावा छोटे छोटे बच्चों के लिए उनकी पसंद की स्पाइडरमैन, मोटू पतलू और डोरेमोन जैसे कार्टून वाली राखिया उपलब्ध हैं. बच्चों के लिए लाइट वाली राखियां भी पसंद की जा रही है. इनके अलावा राखियों में गणपति, ओम, स्वास्तिक और रुद्राक्ष से जुड़ी थीम भी काफी पसंद की जा रही हैं.
नाम लिखी राखियों का चलन तेजी से छाया
इस बार रक्षाबंधन पर सबसे अधिक नाम लिखी राखियां पसंद की जा रही हैं. इनका आनलाइन बाजार जमकर छाया हुआ है. विभिन्न साइटों पर नाम वाली राखियां आर्डर के साथ तैयार करके डिलीवर की जा रही हैं. भाई और बहन के नाम के पहले अक्षर या पूरा नाम लिखी हुई राखियां लोग बहुत पसंद कर रहे हैं.
आम से लेकर खास तक सबके लिए राखियां
राखी बाजार में हर वर्ग के लोगों को ध्यान में रखकर वैरायटी लाई गई है. बाजार में 10 रुपये से लेकर 100 रुपये तक की सिंपल राखियां खरीदी जा रही हैं तो वहीं सोने और चांदी की राखियों ने भी बाजार में रौनक बनाए हुए हैं. ये राखियां केवल सजावटी ही नहीं बल्कि अनमोल उपहार के रूप में भी देखी जा रही हैं.