आगरालीक्स…Agra News: आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में प्लास्टर गिरने के बाद पहली मंजिल का बाल रोग वार्ड और ट्रामा सेंटर बंद कर दिए गए हैं। पुरानी बिल्डिंगों की आडिट टीम जांच कर रही है।
एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में प्रथम तल पर बाल रोग वार्ड, ट्रॉमा सेंटर और पैथोलॉजी लैब है। 21 अगस्त को इमरजेंसी के प्रथम तल पर स्थित बाल रोग वार्ड की छत का प्लास्टर गिर गया था। एसएन प्रशासन द्वारा इमरजेंसी का सुरक्षा आडिट कराया जा रहा है। मरीजों की सुरक्षा को देखते हुए प्रथम तल को मरीजों के लिए बंद कर दिया गया है। बाल रोग वार्ड के साथ ही ट्रामा सेंटर में अब मरीज भर्ती नहीं किए जा रहे हैं। इसके विकल्प के लिए इमरजेंसी के भूतल पर ही मरीजों को भर्ती करने की व्यवस्था की जा रही है।
पुरानी बिल्डिंगों का भी आडिट
एसएन के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता द्वारा उप प्राचार्य डॉ. टीपी सिंह, डॉ. मनीष बंसल, डॉ. जीवी सिंह, डॉ. ब्रजेश शर्मा के साथ ही पीडब्ल्यूडी के इंजीनियर की कमेटी गठित की है। टीम पुरानी बिल्डिंग, जिनमें मेडिसिन विभाग, बाल रोग विभाग, नेत्र रोग विभाग शामिल हैं उनका सुरक्षा आडिट कर रही है। टीम की रिपोर्ट के बाद एसएन प्रशासन आगे निर्णय लेगा।