आगरालीक्स…आगरा आई फिल्म ‘हनुमान अंश’ की टीम. मुख्य कलाकार शोभिनव सत्या ने एसआरके मॉल में दर्शकों से की मुलाकात. गूंजे जय श्रीराम और जय हनुमान के जयकारे…बोले—फिल्म का पार्ट 2 भी आएगा
बहुचर्चित और दर्शकों को पसंद आ रही फिल्म ‘हनुमान अंश’ की टीम शनिवार को आगरा के एसआरके मॉल मे पहुंची. मुख्य कलाकार अभिनेता शोभिनव सत्या जब फिल्म के प्रचार के लिए यहां पहुंचे तो जय श्रीराम और जय हनुमान के जयकारे गूंजने लगे. उन्होंने यहां पहुंचकर दर्शकों से मुलाकात की और उन्हें संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने फिल्म के दूसरे पार्ट के बारे में भी जानकारी दी. अभिनेता को देखकर फैंस भी उत्साहित नजर आए.
अभिनेता शोभिनव सत्या का भगवा पटका पहनाकर स्वागत किया गया. दर्शकों से बातचीत में उन्होंने कहा कि फिल्म का उद्देश्य युवाओं को भक्ति, संस्कार और सकारात्मक सोच से जोड़ना है. उन्होंने दर्शकों से कहा कि जब वह खुद अपनी फिल्म देखते हैं तो भक्ति भाव में डूब जाते हैं. उन्होंने दर्शकों से फिल्म को परिवार के साथ देखने की अपील की. उन्होंने कहा कि फिल्म की कहानी लिखने में करीब 20 साल लगे जबकि फिल्म का काम शुरू होने के बाद इसे करीब एक साल में तैयार किया गया.
लखनऊ के रहने वाले है शोभिनव
फिल्म के मुख्य कलाकार शोभिनव लखनऊ के रहने वाले हैं. वह फिल्म में महान संत नीम करौरी बाबा की भूमिका में है. उन्होंने कहा कि बाबा की कृपा से ही उन्हें पहली बार ताजनगरी में आने का अवसर मिला है.