आगरालीक्स….4 सितंबर को श्री कृष्ण जन्माष्टमी के साथ मनाई जाएगी माँ योगमाया जयंती…
भगवान श्रीकृष्ण की योगशक्ति और बहन के रूप में पूज्य माँ योगमाया की जयंती इस वर्ष 04 सितंबर 2026, शुक्रवार को भाद्रपद कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि पर धूमधाम से मनाई जाएगी। शास्त्रों के अनुसार इसी अष्टमी तिथि की रात्रि में मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण और गोकुल में माँ यशोदा की गर्भ से योगमाया का जन्म एक साथ हुआ था। कंस के कारागार से वासुदेव जी जब श्रीकृष्ण को गोकुल ले गए तो योगमाया को मथुरा ले आए। कंस ने जब इन्हें मारना चाहा तो ये उसके हाथों से छूटकर आकाशवाणी करते हुए विंध्याचल पर्वत पर चली गईं। इसी कारण इन्हें माँ विंध्यवासिनी और माँ महामाया भी कहा जाता है।
ज्योतिषाचार्य पं. हृदय रंजन शर्मा जी के अनुसार, इस वर्ष अष्टमी तिथि पर जयंती का संयोग अत्यंत दुर्लभ और फलदायी है। इस दिन माँ योगमाया की पूजा करने से जीवन के समस्त भय, बाधा, तंत्र-मंत्र और शत्रु दोष समाप्त होते हैं। विशेषकर संतान प्राप्ति, मंगल कार्य और मनोकामना पूर्ति के लिए यह दिन सर्वश्रेष्ठ माना गया है। भक्तों को इस दिन उपवास रखकर “ॐ ऐं ह्रीं क्लीं योगमायायै नमः” मंत्र का जाप करना चाहिए तथा छोटी कन्याओं को श्रृंगार सामग्री भेंट करनी चाहिए।