मथुरालीक्स…मथुरा जंक्शन पर चलती ट्रेन में चढ़ते समय गिरा यात्री. ट्रेन के गेट से लटका…समय रहते आरपीएफ जवान ने बचाई जान.
मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ के एक जवान ने अपनी तत्परता, साहस एवं सूझबूझ का परिचय देते हुए चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास के दौरान गिर रहे एक यात्री की जान बचाई। रविवार 31 अगस्त को गाड़ी संख्या 14726 मथुरा–भिवानी पैसेंजर मथुरा जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या 04 से गंतव्य के लिए रवाना हुई। इस दौरान एसीपी रोकथाम ड्यूटी में तैनात आरपीएफ स्टाफ द्वारा ट्रेन को सुरक्षित रूप से पास कराया जा रहा था। इसी बीच ट्रेन के पीछे स्थित जनरल कोच में एक यात्री ने चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया। इस दौरान यात्री अपना संतुलन खो बैठा और गिरते हुए ट्रेन के गेट से लटक गया, जिससे उसके जीवन पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया।
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए एसीपी रोकथाम ड्यूटी में तैनात आरपीएफ कांस्टेबल हरकेश मीना ने तत्काल साहस एवं सतर्कता का परिचय देते हुए यात्री को पकड़ लिया और उसे सुरक्षित रूप से चलती ट्रेन से दूर खींच लिया। आरपीएफ जवान की त्वरित एवं साहसिक कार्रवाई से यात्री की जान बच गई तथा उसे किसी प्रकार की चोट नहीं आई। घटना के बाद यात्री को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने के संबंध में पूछा गया, लेकिन उसने इसकी आवश्यकता नहीं होने की बात कही। घटना के कारण यात्री अत्यधिक भयभीत था और अपना नाम-पता बताने की स्थिति में नहीं था। तत्पश्चात उसे सुरक्षित रूप से ट्रेन में बैठाकर उसके गंतव्य की ओर रवाना किया गया।
कांस्टेबल हरकेश मीना द्वारा प्रदर्शित अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा, सतर्कता एवं त्वरित निर्णय क्षमता के कारण एक यात्री का अमूल्य जीवन बचाया जा सका। मौके पर उपस्थित यात्रियों ने भी उनके साहसिक एवं सराहनीय कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा की। रेलवे यात्रियों से अपील करता है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास कभी न करें।