मथुरालीक्स वृंदावन के ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में जन्माष्टमी पर साल में एक बार होने वाली मंगला आरती के लिए देश भर से श्रद्धालु जुटते हैं लेकिन 600 श्रद्धालुओं को ही प्रवेश मिलेगा, जानें किन्हें मिलेगा प्रवेश। लाइव स्ट्रीमिंग से घर से भी कर सकेंगे मंगला आरती के दर्शन। स्क्रीन भी लगाई जाएंगी।
वृंदावन के ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में जन्माष्टमी पर मध्य रात्रि मंगला आरती की जाती है, साल में एक बार ही यह मंगला आरती होती है। इसके लिए देश विदेश से श्रद्धालु आते हैं। मंगला आरती के लिए हाईपावर कमेटी ने सेवायतों के साथ बैठक की। भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा को देखते हुए मंगला आरती के लिए 600 पास जारी किए जाएंगे।
मध्य रात्रि 1.55 बजे से होगी मंगला आरती
वृंदावन के ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में 4 व 5 सितंबर की मध्य रात्रि 1.55 बजे से मंगला आरती होगी। मंगला आरती में 600 पास धारकों को ही प्रवेश दिया जाएगा। सेवायतों और उनके यजमान भी पास से ही प्रवेश कर सकेंगे। साथ ही पुलिस कर्मियों की संख्या भी सीमित रखी जाएगी। मंगला आरती के लिए लाइव स्ट्रीमिंग और लाइव प्रसारण किया जाएगा। मंदिर के बाहर स्क्रीन लगाई जाएंगी जिसमें लोग मंगला आरती के दर्शन कर सकें।
5.30 बजे तक होंगे दर्शन
मंगला आरती के बाद श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के पट खोल दिए जाएंगे। श्रद्धालु सुबह 5.30 बजे तक मंदिर में दर्शन कर सकेंगे इसके बाद पट बंद कर दिए जाएंगे और निर्धारित समय से ही पट खुलेंगे। हाईपावर कमेटी के अध्यक्ष अशोक कुमार के अनुसार, इस बार मंगला आरती को लेकर व्यवस्था में बदलाव किया गया है, पुलिस कर्मी और सुरक्षा कर्मियों की संख्या सीमित की गई है।