आगरालीक्स आगरा में डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर की मरीज बुजुर्ग महिला में स्वाइन फ्लू की पुष्टि, स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी और कैसे बचाव करें, जानें।
आगरा के दयालबाग की रहने वाली 64 साल की बुजुर्ग महिला जिन्हें पहले से डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर और थायरायड की समस्या थी सर्दी जुकाम, बुखार और खांसी की समस्या होने पर बुधवार को एसएन मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में परामर्श लेने पहुंची। उनके लक्षण को देखते हुए मेडिसिन विभाग के डॉक्टर ने स्वाइन फ्लू की जांच कराने के लिए कहा। एसएन में ही नाक और गले के स्वैब लेकर नमूने लिए गए।
शाम चार बजे आई रिपोर्ट, घर पहुंची टीम
एसएन की माइक्रोबायोलॉजी विभाग में नमूने की जांच की गई, स्वाइन फ्लू यानी एच1एन1 की पुष्टि होने पर स्थानीय स्वास्थ्य विभाग की टीम को सूचना दी गई। नोडल अधिकारी डॉ. सुरेंद्र मोहन प्रजापति के अनुसार, दयालबाग की 64 साल की बुजुर्ग महिला जिनमें स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है उन्हें पांच दिन के लिए होम आइसोलेट किया गया है। दवाएं दी गई हैं जिससे वे घर पर ही इलाज ले सकें। उन्हें कोई गंभीर लक्षण नहीं हैं। प्रभारी सीएमओ डॉ. अमित रावत का कहना है कि स्वाइन फ्लू पीड़ित मरीज के संपर्क में आगे लोगों को भी ट्रैस किया जा रहा है।
क्या करें
- सार्वजनिक व भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क का उपयोग करें।
- खांसने या छींकने वाले व्यक्ति से उचित दूरी बनाकर रखें और खुद खांसते समय रूमाल का इस्तेमाल करें।
- समय-समय पर साबुन और पानी से हाथ साफ करते रहें।
क्या न करें
- बिना डॉक्टर की सलाह लिए एंटीबायोटिक या एंटीवायरल दवा न लें।
- यदि आपको सर्दी-जुकाम या बुखार है तो सार्वजनिक जगहों पर जाने से बचें।
स्वाइन फ्लू के मुख्य लक्षण - तेज बुखार
- खांसी और गले में खराश होना
- सांस लेने में अत्यधिक तकलीफ या सीने में दर्द होना
- शरीर और सिर में तेज दर्द व कमजोरी महसूस होना
- यदि आपको या आपके आस-पास किसी को ऐसे गंभीर लक्षण दिखते हैं, तो तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल या डॉक्टर से संपर्क करें।
इन लोगों को अधिक खतरा
• 10 साल से कम उम्र के बच्चे और 70 साल से अधिक उम्र के बुजुर्ग व गर्भवती महिलाएं।
• रक्त संबंधी बीमारी, डायबिटीज, तंत्रिका तंत्र की बीमारी, कैंसर, टीबी या एचआईवी-एड्स से पीड़ित लोग।
• फेंफड़े, ह्रदय, किडनी या लीवर की बीमारी से पीड़ित लोग।