आगरालीक्स…आगरा के माही इंटरनेशनल स्कूल में भव्य रूप से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव. राधा—कृष्ण और गोप—गोपियों के स्वरूपों में बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन
माही इंटरनेशनल स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व भक्ति, उल्लास और सांस्कृतिक उत्साह के साथ मनाया गया। समारोह का शुभारंभ नर्सरी से कक्षा द्वितीय तक के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम से हुआ। इस विशेष अवसर पर बच्चों के अभिभावकों को भी आमंत्रित किया गया। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं बाल लीलाओं पर आधारित मनमोहक नृत्य, गायन, अभिनय और नाट्य प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। आकर्षक वेशभूषा में सजे राधा-कृष्ण और गोप-गोपियों के स्वरूपों ने पूरे विद्यालय परिसर को कृष्णमय बना दिया। समारोह के अंतर्गत माताओं और उनके बच्चों के लिए संयुक्त नृत्य प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में संस्कार भारती के प्रतिष्ठित सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही। मुख्य अतिथि संस्कार भारती के त्रिक्षेत्रीय संगठन मंत्री विजय कुमार रहे। विशिष्ट अतिथियों में संस्कार भारती ब्रज प्रांत के प्रांतीय महामंत्री नंद नंदन गर्ग, प्रख्यात कवि एवं संस्कार भारती आगरा महानगर के उपाध्यक्ष अशोक गोयल, एसबीआई पेंशनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं संस्कार भारती के सदस्य श्री एस.एन. गर्ग, चित्रकार एवं संस्कार भारती आगरा महानगर की मंत्री नीता गर्ग तथा नीने गर्ग सम्मिलित रहीं। इस अवसर पर संस्कार भारती की ओर से सभी छात्राओं को मोरपंख तथा छात्रों को बांसुरी प्रेम एवं स्मृति-चिह्न स्वरूप भेंट की गई।
जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में माही इंटरनेशनल स्कूल और संस्कार भारती के संयुक्त तत्वावधान में श्रीकृष्ण विषय पर आधारित कला प्रदर्शनी भी आयोजित की गई, जिसका उद्घाटन संस्कार भारती के अतिथियों ने किया। प्रदर्शनी के लिए विद्यार्थियों ने चार्ट पेपर, कपड़े, टी-शर्ट, पत्तियों और कांच सहित विभिन्न माध्यमों पर भगवान श्रीकृष्ण से संबंधित सुंदर चित्र एवं कलाकृतियां तैयार कीं। विद्यार्थियों द्वारा सजाई गई बांसुरियां, मटकियां और मोरपंख भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। मनमोहक रंगोली एवं विविध रचनात्मक कलाकृतियों ने वातावरण को भक्तिमय और आध्यात्मिक बना दिया। संस्कार भारती की ओर से प्रदर्शनी में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों एवं कलाकारों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
विद्यालय के चेयरमैन संजय अग्रवाल एवं मैनेजिंग ट्रस्टी मंजरी अग्रवाल ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों के साथ जन्माष्टमी उत्सव मनाया। उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मकता, कठिन परिश्रम एवं सांस्कृतिक समझ की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और जीवन-मूल्यों से जोड़ते हैं। उन्होंने अभिभावकों तथा संस्कार भारती के सभी अतिथियों का अपनी गरिमामयी उपस्थिति और सहभागिता से समारोह को यादगार बनाने के लिए आभार व्यक्त किया।