मथुरालीक्स…दुस्साहस, चलती ट्रेन के गेट पर बैठने पर हुए विवाद में युवक को लात मारकर नीचे गिराया. मौत….यात्रियों ने आरोपी को पकड़कर जीआरपी को सौंपा
हाथरस से मथुरा आ रही चलती ट्रेन में गेट को लेकर हुए विवाद में खूनी खेल खेला गया. दो युवकों के बीच गेट पर बैठने को लेकर ऐसा विवाद हुआ कि एक युवक ने दूसरे युवक को लात मारकर चलती ट्रेन से गिरा दिया जिससे उसकी मौत हो गई. घटना से मृतक युवक के परिजनों व अन्य यात्रियों में हड़कंप मच गया. उन्होंने आरोपी युवक को पकड़ लिया और जीआरपी के हवाले कर दिया.
हाथरस के गांव रानी का नगला में रहने वाली संजू देवी अपने पति और दो बेटों अनुज और जतिन के साथ शुक्रवार दोपहर को हाथरस से मथुरा जाने के लिए ट्रेन में सवार हुई थीं. दोपहर करीब दो बजे ट्रेन जब राया होकर गुजर रह थी तभी गेट के पास बैठने को लेकर जतिन का अलीगढ़ के रहने वाले युवक विजेंद्र से विवाद हो गया. कहासुनी इतनी अधिक हो गई कि विजेंद्र ने जतिन को दो लात मार दी जिससे जतिन चलती ट्रेन से नीचे गिर गया और हादसे में उसकी मौत हो गई. बेटे को बचाने के लिए मां और अन्य परिजन चीखते रह गए. अन्य यात्रियों ने आरोपी विजेंद्र को पकड़ लिया और जीआरपी के हवाले कर दिया. जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है.