आगरालीक्स… आगरा में बीच सडक पर कटा सिर रखकर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन, हाईवे हुआ जाम, पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर शांत किया।
आगरा के टेढ़ी बगिया से चार दिन पहले लापता हुए युवक की फीरोजाबाद के नारखी में हत्या कर दी गई। फीरोजाबाद में नारखी के गांव बैंदीपुर विदरखा में रविवार को करब के ढेर पर एक सिर रखा मिला था। पैरों की हड्डियां खेत में और हथेली भूसे की बुर्जी से मिली थी। यह शव टेढी बगिया निवासी 32 वर्षीय विनोद कुमार पुत्र गुलजारी प्रजापति का था, विनोद के फोन पर 27 दिसंबर को दोपहर एक बजे भूपेंद्र नाम के व्यक्ति का फोन आया था। इसके बाद ही वह जरूरी काम की कहकर घर से निकल आया। शाम छह बजे तक वापस न आने पर फोन किया तो विनोद ने बताया होटल पर खाना खा रहा है तथा एक घंटे में लौट आएगा, लेकिन रात तक वह नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने तलाश शुरू की। 28 दिसंबर को थाना एत्माद्दौला में गुमशुदगी दर्ज कराई। परिजनों द्वारा विनोद की पत्नी के प्रेमी पर शक जताने पर पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है।
कटा सिर रखकर हाईवे पर जाम
मंगलवार को विनोद का शव पोस्टमार्टम के बाद पहुंचा, आक्रोशित लोगों ने विनोद के कटे सिर और उंगलियों को आगरा अलीगढ हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया। आक्रोशित लोगों का कहना था कि विनोद के गायब होने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश के प्रयास नहीं किए, जिस नंबर से फोन आया था, उससे भी संपर्क नहीं किया। इसके चलते ही विनोद की हत्या कर दी गई। विनोद की हत्या उसकी पत्नी के प्रेमी ने की है, हत्या में पत्नी भी शामिल थी। विनोद की शादी 10 साल पहले हुई थी।