आगरालीक्स…आगरा में हाईटेंशन तार चोरी करने वाले गैंग के तीन बदमाश पुलिस के चढ़े हत्थे. 55 किलो एल्युमिनियम तार और 2.80 लाख रुपये बरामद…हाईटेंशन तार चोरी करने का तरीका चौंका देगा
आगरा में हाईटेंशन तार चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश पुलिस ने किया है. खेरागढ़ थाना पुलिस ने इस गैंग के तीन आरोपियों को पकड़ा है. पुलिस ने इनके कब्जे से महिंद्रा मैक्स पिकअप, 55 किलो एल्युमिनियम तार, 2.80 लाख रुपये कैश, अवैध तमंचा और चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार बरामद किए हैं.
7 सितंबर को 1700 मीटर तार हुआ था चोरी
डीसीपी वेस्ट आदित्य कुमार ने बताया कि 7 सितम्बर की रात ग्राम भिलावली—खानपुर के पास करीब 1700 मीटर एल्युमिनियम हाईटेंशन तार चोरी किया गया था. इस मामले में पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र के साथ—साथ आगरा से राजस्थान के अलवर और कोटपूतली क्षेत्र तक करीब 300 सीसीटीवी चेक किए. तकनीकी साक्ष्यों के साथ आरोपियों की पहचान की गई.
तीन बदमाश पकड़े गए
आज गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर पुलितस ने तीन आरोपियों को भिलावली मोड़ के पास बरुहरा जाने वाली सड़क से अरेस्ट किया. इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त महिंद्रा मैक्स पिकअप, 2.80 लाख रुपये कैश, एक बंडल एल्युमिनियम तार, अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और औजार बरामद किए हैं.
2760 किलो तार चोरी कर बेचा था.
पकड़े गए एक बदमाश हुकुमचंद ने पुलिस को बताया कि उसकी कोटपुतली में बालाजी एंटरप्राइजेज नाम से फर्म है. वह कबाड़ खरीदने व बेचने के साथ गलाने और खपाने का काम करता है. आरोपियों मुताबिक संदीप और सचिन भी छोटे स्तर पर कबाड़ का काम करते हैं और उसके लिए फेरी से कबाड़ लाकर देते हैं. हुकुमचंद ने बताया कि उसने अपने साथी संदीप, सचिन, नावेद, जाकिर और निसामुद्दीन के साथ मिलकर 7—8 सितंबर की रात भिलावली खानपुर के पास हाईटेंशन तार काटकर चोरी किया था. चोरी किए गए तार का कुल वजन करीब 2760 किलो था. यह तार उसकी फर्म बालाजी एंटरप्राइजेज में गलाकर खपा दिया गया था जिससे कुल 8 लाख रुपये मिले. इसमें से दो लाख रुपये उसके हिस्से में, जबकि सचिन, संदीप, जाकिर ओैर निसामुद्दीन को एक—एक लाख रुपये और नावेद को दो लाख रुपये मिले. बरामद रकम चोरी के तार को गलाकर बेचने से प्राप्त हुई है. पूछताछ में आरोपियो ंने ये भी बताया कि एक बंडर तार जो मैक्स में मिला है, उसे इसलिए रखा था कि रास्ते में पुलिस द्वारा पकड़े जाने पर वह उसे बिजली का काम करने वाला बता सकें. पुलिस अब इनके बाकी तीन सदस्यों की तलाश कर रही है.