आगरालीक्स…आगरा के दयालबाग में दिया गया महिला सशक्तिकरण का संदेश. 500 से अधिक महिलाएं जुटीं. वरिष्ठों ने युवा पीढ़ी का किया प्रेरणादायी मार्गदर्शन
महिला सशक्तीकरण को समर्पित सम्मेलन का आयोजन रविवार को दयालबाग के एलोरा एन्क्लेव स्थित सनफ्लॉवर पब्लिक स्कूल में उत्तर प्रदेश राधास्वामी सतसंग एसोसिएशन के तत्वावधान में किया गया। आगरा डिस्ट्रिक्ट की पाँच ब्रांचेस—अदनबाग, आगरा सिटी, एलोरा, मथुरा एवं फिरोजाबाद—की महिला एसोसिएशनों के संयुक्त सहयोग से आयोजित सम्मेलन में 500 से अधिक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम की संपूर्ण संकल्पना एवं रूपरेखा डॉ. गुरुप्यारी प्रकाश ने तैयार की। इसे कार्यान्वित करने में महिला एसोसिएशन की रीजनल कोऑर्डिनेटर डॉ. विनीता श्रीवास्तव तथा सभी सहभागी ब्रांचेस की महिला एसोसिएशनों की पदाधिकारियों ने सहयोग दिया। सम्मेलन में मुख्य अतिथि राधास्वामी सतसंग सभा के अध्यक्ष गुरु सरूप सूद, नमिता सूद एवं विशेष अतिथि सरोज प्रशांत की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रार्थना से हुआ। इसके पश्चात डॉ. गुरुप्यारी प्रकाश ने स्वागत एवं सम्मेलन का परिचय प्रस्तुत किया। आयोजन के दौरान प्रदर्शनी भी लगी रही, जिसमें महिलाओं के कार्यों एवं रचनात्मक प्रतिभा को देखने का अवसर मिला।
वरिष्ठ बहनों ने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए युवा पीढ़ी को प्रेरणादायी संदेश एवं मार्गदर्शन दिया। इसके बाद “सशक्त नारी, सशक्त परिवार” विषय पर रोल प्ले प्रस्तुत किया गया। मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से उपयोगी जानकारी दी गई तथा गीत की प्रस्तुति हुई। “विचार मंच” में सामाजिक एवं पारिवारिक विषयों पर संवाद हुआ, जिसमें डॉ. कविता रायजादा ने भी अपने विचार रखे। इसके पश्चात कव्वाली की प्रस्तुति ने कार्यक्रम को रोचक बनाया। मुख्य अतिथि प्रेमी भाई गुरु सरूप सूद ने महिला सशक्तीकरण सम्मेलन के सफल आयोजन पर आयोजकों एवं प्रतिभागियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने सभी के मिलकर कार्य करने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ब्रांचेस में महिलाओं की बड़ी संख्या और सक्रिय सहभागिता उत्साहजनक है। उन्होंने महिलाओं को सशक्त बनाने तथा उनकी प्रतिभा और क्षमताओं को आगे बढ़ाने के प्रयासों के महत्व पर बल दिया।
महिलाओं के कौशल विकास एवं आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने के लिए टाई एंड डाई, खाद्य संरक्षण एवं बेकिंग तथा “बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट” की कार्यशालाएँ आयोजित की गईं। इन कार्यशालाओं में 60 बहनों ने भाग लिया और नए कौशल सीखने के साथ अपनी रचनात्मकता को विकसित करने का अवसर प्राप्त किया। आयोजन के संबंध में डॉ. गुरुप्यारी प्रकाश ने बताया कि दिसंबर में आयोजित यूथ फेस्ट के दौरान उन्होंने वर्किंग कमेटी की सदस्य के रूप में यूथ फेस्ट की तर्ज पर वुमन फेस्ट आयोजित करने का विचार रखा था। मालिक की अपार दया व मेहर से इस विचार को साकार करने का अवसर मिलना उनके लिए अत्यंत सुखद एवं संतोषप्रद अनुभूति रही। पिछले छह महीनों से इसकी तैयारियाँ चल रही थीं और धीरे-धीरे अनेक महिलाएँ इस पहल से जुड़ती चली गईं। उन्होंने बताया कि मथुरा, फिरोजाबाद एवं आसपास की अन्य ब्रांचेस से आईं महिलाएँ प्रदर्शनी और कार्यक्रमों को देखकर प्रसन्न एवं प्रोत्साहित हुईं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह आयोजन महिलाओं को एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने तथा अपने कार्यों को और बेहतर बनाने की प्रेरणा देगा।
महिला एसोसिएशन की रीजनल कोऑर्डिनेटर डॉ. विनीता श्रीवास्तव ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, आयोजकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में आसपास के क्षेत्रों एवं विभिन्न ब्रांचेस से बड़ी संख्या में सतसंगी भाई-बहन उपस्थित रहे। इनमें राधास्वामी सतसंग सभा के सचिव प्रेमी भाई प्रेमदास सतसंगी, प्रेमी भाई विधु कश्यप, प्रेमी भाई राकेश नारंग, प्रेमी भाई विकास सिन्हा, प्रेमी भाई लखपति सिंह, प्रेमी भाई डॉ. एस. के. सतसंगी एवं प्रेमी बहन विभा रानी सहित अनेक गणमान्यजन शामिल रहे।