आगरालीक्स….आगरा में सिर्फ 1 रुपये में मिलेगा जरूरतमंदों को भरपेट भोजन. नीलांचल सेवा ट्रस्ट ने शुरू की सेवा. रोज सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक यहां मिलेगा भोजन
भरपेट भोजन सिर्फ एक रुपया, वह भी इसलिए लोगों को सम्मान बना रहे। अभावग्रस्त एवं जरूरतमंद लोगों को भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नीलांचल सेवा ट्रस्ट की ओर से एक रुपये में भरपेट भोजन की सेवा का शुभारंभ चामुंडा देवी मंदिर, राजा की मंडी रेलवे स्टेशन पर किया गया। ट्रस्ट की ओर से प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इससे पूर्व धाकरान चौराहा, सुभाष पार्क, कलेक्ट्री के बार, भावना टावर, व कोठी मीना बाजार में भी यह व्यवस्था चल रही है।
उद्घाटन मुख्य अतिथि विजय शिवहरे, एमएल सी आगरा-फिरोजाबाद एवं प्रदेश मंत्री, भाजपा, उत्तर प्रदेश ने किया। संस्था को इस नेक कार्य के लिए शुभकामनाएं व आभार व्यक्त करते हुए समाज के लोगों को इस कार्य में सहयोग के लिए आगे आने का आह्वान किया। इस अवसर पर ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं सेवा से जुड़े लोगों ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद लोगों को भोजन वितरित कर सेवा अभियान की शुरुआत की गई। ट्रस्ट के संस्थापक प्रेम कुमार ने बताया कि संस्था का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर, अभावग्रस्त एवं जरूरतमंद लोगों तक भोजन पहुंचाना है, ताकि कोई व्यक्ति आर्थिक परेशानी के कारण भोजन से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि सेवा को नियमित रूप से संचालित किया जाएगा और जरूरत के अनुसार इसे आगे भी विस्तार देने का प्रयास रहेगा। सेवा के शुभारंभ के दौरान उपस्थित लोगों ने जरूरतमंदों के लिए भोजन वितरण की पहल की सराहना की और समाज के सक्षम लोगों से ऐसे सेवा कार्यों में सहयोग करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से नीलांचल सेवा ट्रस्ट के संस्थापक प्रेम कुमार आकाश अग्रवाल हर्ष गुप्ता पार्षद शरद चौहान विक्रांत कुशवाहा डॉक्टर अमित सिंह पटेल संजू यादव लालतेश चौधरी सचिन यादव आदि मौजूद रहे।