आगरालीक्स…आगरा में विश्व पर्यटन दिवस पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंजा केंद्रीय विद्यालय-2. विद्यार्थियों ने कला-संस्कृति के माध्यम से दिखाई भारत की विविधता
विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2, आगरा कैंट में विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नृत्य, अभिनय एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और ‘विविधता में एकता’ की भावना को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. लव कुश मिश्रा, सीनियर प्रोफेसर, पर्यटन विभाग, इंस्टीट्यूट ऑफ टूरिज्म एंड होटल मैनेजमेंट (ITHM), खंदारी कैंपस, आगरा ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पर्यटन के महत्व पर प्रकाश डाला। कहा कि भारत की ऐतिहासिक धरोहर, विविध संस्कृतियां, लोककलाएं और परंपराएं देश को विश्व पर्यटन मानचित्र पर विशिष्ट पहचान दिलाती हैं। विद्यालय के प्राचार्य रमेश चंद्र ने पर्यटन और भारतीय संस्कृति के आपसी संबंध पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि देश की सांस्कृतिक विविधता पर्यटकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र है। विद्यार्थियों को अपनी कला, संस्कृति और विरासत के संरक्षण के प्रति जागरूक रहना चाहिए।
कार्यक्रम का संयोजन आकृति सक्सेना, पीजीटी (पर्यटन) ने विद्यार्थियों को शिक्षा में पर्यटन विषय के महत्व को बताया। सृष्टि ने शास्त्रीय नृत्य की मनोहारी प्रस्तुति दी। इसके अलावा प्रद्युम्न, हर्ष, रोहित, युवराज, मनीष, अभिषेक, रौनक, रिदिमा, श्रेया एवं इशित ने विभिन्न प्रस्तुतियों में सहभागिता की। प्रस्तुतियों में देश के अलग-अलग क्षेत्रों की संस्कृति, परंपराओं और कलात्मक विरासत की झलक देखने को मिली। विद्यार्थियों ने संदेश दिया कि भारत की सांस्कृतिक विविधता देश की ताकत है और यही विविधता देशी-विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करती है। अंत में प्राचार्य रमेश चंद्र ने मुख्य अतिथि, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य रूप से माया प्रमोद, भाव्या शर्मा, एसएस अरोरा आदि उपस्थित थे।