आगरालीक्स आगरा के हॉस्पिटल में हरियाणा की टीम की छापेमारी, चायनीज मशीन से अल्ट्रासाउंड कर गर्भ में बताई बेटी, चार अरेस्ट।
आगरा के ग्वालियर रोड इटौरा में संस्कार हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर संचालित है। हरियाणा सोनीपत की पीसीपीएनडीटी टीम को हॉस्पिटल में भ्रूण लिंग परीक्षण कराने की सूचना मिली थी। जिला समुचित प्राधिकरण सोनीपत हरियाणा के नोडल अधिकारी डॉ. योगेश दहिया, डॉ. दीपक कौशिक नोडल अधिकारी पीसीपीएनडीटी सोनीपत, डॉ. दीपक शर्मा चिकित्सा अधिकारी पीएचसी भटाना जाफराबाद सोनीपत ने डमी गर्भवती के भ्रूण लिंग परीक्षण कराने के लिए दलाल समीर खरब से संपर्क किया।
90 हजार में सौदेबाजी, दलाल अस्पताल लेकर पहुंचा
दलाल डमी गर्भवती का 90 हजार रुपये में भ्रूण लिंग परीक्षण कराने के लिए तैयार हो गया। डमी गर्भवती सोमवार को सोनीपत से दलाल लेकर आगरा आया, आगरा पहुंचने पर पीसीपीएनडीटी प्रभारी आगरा डॉ.सुशील कुमार को फोन पर सूचना दी गई, टीम दलाल का पीछा कर रही थी। दलाल डमी गर्भवती को लेकर इटौरा स्थित संस्कार हॉस्पिटल एंड ट्रामा सेंटर पहुंचा।
डमी गर्भवती के गर्भ में बताई लड़की, चार अरेस्ट
डमी गर्भवती को दलाल अपने साथ लेकर संस्कार हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर पहुंचा। यहां गिरोह ने बताया कि गर्भ में लड़की है, इसकी सूचना डमी गर्भवती के साथ आए सहायक ने टीम को दे दी। टीम ने मौके से सोनीपत के र हने वाले शंकर राणा, आगरा के रहने वाले मनीष कुशवाह, जयवीर सिंह व पवन कुशवाह को गिरफ्तार किया गया। एक साथी रविंदर उर्फ टीटू मौके से फरार हो गया।
चीन की अल्ट्रासाउंड मशीन और 20 हजार कैश किया जब्त
टीम ने मौके से चीन की अल्ट्रासाउंड मशीन जब्त की है, अवैध पोर्टेबल अल्ट्रासाऊंड मशीन (एक टैबलेट तथा एक वायरलेस अल्ट्रासाउंड प्रोब) आपस में किसी तार से जुड़े नहीं होते हैं। ये वाईफास से कनेक्ट किए जाते हैं। साथ ही 20 हजार 500 रुपये भी जब्त किए गए हैं।
बिना पंजीकरण चल रहा था अस्पताल
सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव के अनुसार, संस्कार हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर का पंजीकरण नहीं है। अस्पताल करीब दो महीने से बिना पंजीकरण के संचालित हो रहा था, टीम हॉस्पिटल संचालकों के खिलाफ भी कार्रवाई करेगी।