आगरालीक्स आगरा सहित उत्तर प्रदेश में जनगणना के पहले चरण में स्वगणना 16 नवंबर से जानें क्या होगी प्रक्रिया।
आगरा के जिलाधिकारी व जिला जनगणना अधिकारी मनीष बंसल के अनुसार, उत्तर प्रदेश में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना का कार्य निर्धारित किया गया है।इसके अंतर्गत स्व-गणना की अवधि 16 नवम्बर 2026 से 30 नवम्बर 2026 तक तथा जनसंख्या गणना का क्षेत्रीय कार्य 1 दिसम्बर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक सम्पन्न किया जाएगा।
स्वगणना में आनलाइन दर्ज कर सकते हैं परिवार के सदस्यों की संख्या
नागरिक भारत सरकार के विभागीय पोर्टल https://censusindia.gov.in पर उपलब्ध स्व-गणना सुविधा के माध्यम से स्वयं एवं अपने परिवार के सदस्यों की जानकारी दर्ज कर सकते हैं। स्व-गणना पूर्ण होने के बाद प्राप्त स्व-गणना पहचान संख्या को सुरक्षित रखें और जनगणना कर्मी के घर आने पर सत्यापन के लिए उपलब्ध कराएं। परिवार के अन्य सदस्यों को भी इस पहचान संख्या की जानकारी दें, जिससे उनकी अनुपस्थिति में भी सत्यापन की प्रक्रिया सुचारु रूप से सम्पन्न हो सके। यदि पूरा परिवार यात्रा पर जा रहा हो तो स्व-गणना पहचान संख्या को एक पर्ची पर लिखकर दरवाजे पर चिपकाया जा सकता है, जिससे जनगणना कार्य बाधित न हो।जनगणना कर्मियों को आवश्यक सहयोग प्रदान करते हुए अपने एवं अपने परिवार के सदस्यों की सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि जनगणना कर्मी किसी भी प्रकार का कोई दस्तावेज अथवा एक बार उपयोग होने वाला संकेतांक नहीं मांगेंगे तथा निर्धारित आधिकारिक प्रश्नों के आधार पर ही जानकारी प्राप्त करेंगे। किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें। किसी भी संशय की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 1855 पर संपर्क करें। उन्होंने जनपदवासियों से जनगणना-2027 को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सही जनगणना आंकड़े बेहतर योजना एवं प्रभावी जनकल्याण का आधार हैं।