आगरालीक्स आगरा में खेरिया पुल पर भारी वाहनों को रोकने को 24 घंटे पहले लगे हाईट गेज में घुसी स्लीपर कोच बस, हाईट गेट टूटा, अफरा तफरी का माहौल।
आगरा के खेरिया पुल पर रेलवे ने भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर रखा है इसके लिए 24 घंटे पहले ही पुल के दोनों तरफ हाईट गेज लगाया था जिससे भारी वाहन पुल पर ना जा सकें। मंगलवार रात एक बजे ईदगाह की तरफ से स्लीपर कोच बस जयपुर जाने के लिए निकली, चालक को हाईट गेज का अंदाजा नहीं था। तेज स्पीड होने के चलते स्लीपर कोच बस हाईट गेज से टकरा गई।
यात्रियों में मची अफरा तफरी, साइन बोर्ड भी गिरा
स्लीपर कोच बस हाईट गेज से टकरा गई, बस में झटका लगने से यात्रियों में अफरा तफरी मच गई। बस का आगे का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हाईट गेज के साथ ही पुल पर लगा साइन बोर्ड भी गिर गया। बस से यात्री बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। बस में करीब 40 यात्री थे। हादसे में कोई यात्री घायल नहीं हुआ।
पुल पर वाहनों का आवागमन रुका
स्लीपर कोच बस की टक्कर से हाईट गेज और साईन बोर्ड गिरने से खेरिया पुल पर वाहनों का आवागमन हट गया। पुलिस फोर्स भी पहुंच गया और हाईट गेज व साईन बोर्ड को हटवाया गया इसके बाद ही वाहन निकल सके।