आगरालीक्स...आगरा में 22 दिन तक डिजिटल अरेस्ट कर 72 लाख की ठगी. आतंकियों के साथ संबंध बताकर बुजुर्ग और परिवार के खातों से ट्रांसफर करा ली रकम.
आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र में एक बुजुर्ग को डिजिटल अरेस्ट कर साइबर शातिरों ने 72 लाख रुपये से अधिक की रकम ठग ली. सिकंदरा के रहने वाले वृद्ध विनोद कुमार के पास साइबर अपराधियों ने एटीएस अधिकारी बनकर फोन किया और उनको डिजिटल अरेस्ट कर लिया. कहा कि उनके आधार कार्ड का आतंकियों ने प्रयोग किया. इसके बाद साइबर अपराधियों ने 27 अगस्त से 18 सितंबर तक बुजुर्ग और उसके परिवार के बैंक खातों की डिटेल हासिल कर 72.24 लाख रुपये की रकम ट्रांसफर करा ली.
साइबर अपराधियों ने बुजुर्ग को बताया कि उसका आधार कार्ड से आतंकियों का खाता खुला है इसलिए बैंक में उनके द्वारा की गई एफडी और आरडी को सीज किया जा सकता है. इसके साथ ही बुजुर्ग और उनके परिवार को के खिलाफ भी जांच करने की धमकी दी. इतनी बड़ी रकम ट्रांसफर होने की जानकारी जब बुजुर्ग के बेटे को हुई तो उसने पुलिस को सूचना दी. डीसीपी साइबर क्राइम ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. साइबर अपराधियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.