आगरालीक्स…आगरा में खेरिया मोड़ रोड रेलवे ओवर ब्रिज 90 दिन के लिए होगा बंद. 17 अक्टूबर की सुबह से बंद हो जाएगा रास्ता. विरोध के बावजूद लिया गया निर्णय..जानिए क्या होगा वैकल्पिक मार्ग
आगरा के खेरिया मोड़—ईदगाह मार्ग स्थित रेलवे ओवर ब्रिज को 90 दिन के लिए बंद किया जाएगा. बुधवार को रेलवे प्रशासन ने इसकी सूचना जारी कर दी जिसके तहत 17 अक्टूबर शनिवार सुबह से यह मार्ग पूरी तरह से यातायात के लिए बंद कर दिया जाएगा. रेलवे की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार खेरिया मोड़ रोड ओवर ब्रिज (ROB 1343/3) के नवनिर्माण का कार्य किया जाना सुनिश्चित हुआ है. यह कार्य जनता की सुरक्षा और सुचारू रेल संचालन की दृष्टि से अति आवश्यक है. यह कार्य रोड ओवर ब्रिज (ROB) पर सड़क यातायात रोके बिना नहीं किया जा सकता है. रेल प्रशासन द्वारा नवनिर्माण कार्य के लिए 17 अक्टूबर सुबह से आगामी 90 दिनों के लिए सड़क यातायात पूर्णतः बंद रहेगा. पुल बंद होने के दौरान रेल व जन-सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सड़क यातायात को सुचारू रूप से चलाने के लिए वैकल्पिक मार्ग अर्जुन नगर तिराहे से बारह खंभा डबल फाटक मार्ग एलसी 75 से होकर गुजारने की व्यवस्था की गई है.
विरोध के बावजूद लिया गया निर्णय
रेलवे द्वारा इस पुल को बंद किए जाने का निर्णय तीन दिन पहले ही ले लिया गया था लेकिन इसके बंद होने से हजारों लोगों को परेशानी होगी जिसके कारण व्यापारियों सहित स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया था लेकिन बुधवार को रेलवे प्रशासन ने इसका निर्णय ले लिया है.
बारहखंभा पर आरओबी निर्माण से बढ़ी जाम की समस्या
खेरिया मोड़ स्थित रेलवे पुल पर मरम्मत कार्य के चलते अगले तीन माह के लिए पुल बंद किए जाने से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था प्रभावित होगी. पुल बंद होने के राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा. वहीं, दूसरी ओर बारहखंभा क्षेत्र में रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण कार्य भी जारी है. ऐसे में खेरिया मोड़ रेलवे पुल बंद होने और बारहखंभा में निर्माण कार्य के चलते आसपास के मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ जाएगा. कई स्थानों पर जाम जैसी स्थिति बनने से वाहन चालकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लगेगा. इसका असर स्थानीय व्यापार और दुकानदारों के कामकाज पर भी पड़ने की आशंका है.
56 साल पुराने आरओबी की हो रही मरम्मत
जानकारी के अनुसार, खेरिया मोड़-ईदगाह आरओबी का निर्माण वर्ष 1970 में 17 करोड़ रुपये की लागत से कराया गया था. लगभग 56 वर्ष पुराने इस आरओबी पर अब तक छह बार मरम्मत कार्य हो चुका है. मौजूदा मरम्मत कार्य के चलते पुल को तीन माह के लिए बंद किए जाने से क्षेत्र के लोगों को यातायात संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ेगा.