आगरालीक्स…आगरा में डांडिया नाइट में झूमे लोग. आवास विकास सेक्टर-6 में हुआ भव्य डांडिया नाइट
आवास विकास सेक्टर-6 में सोमवार को भव्य डांडिया नाइट एवं छप्पन भोग का आयोजन किया गया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने डांडिया की मनमोहक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। मां भगवती की आराधना, संगीत और पारंपरिक नृत्य के संगम ने पूरे परिसर को भक्तिमय एवं उत्सवमय बना दिया। महोत्सव के संरक्षक डॉ. मदन मोहन शर्मा ने कहा कि नवरात्रि महोत्सव हमारी सनातन संस्कृति, धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। डांडिया जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम हमारी गौरवशाली परंपराओं को जीवंत रखने के साथ नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति से जोड़ने का कार्य करते हैं। ऐसे आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता की भावना को मजबूत बनाते हैं।
आयोजक लंकेश दीपक सारस्वत ने कहा कि महोत्सव का उद्देश्य धार्मिक परंपराओं के संरक्षण के साथ सामाजिक एकता एवं सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा देना है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर निक्की भगत, अरुण श्रीवास्तव, गब्बर राजपूत एवं टोनी वर्मा ने कहा कि भारतीय पर्व और सांस्कृतिक आयोजन हमारी गौरवशाली विरासत के संवाहक हैं। ऐसे कार्यक्रम समाज में संस्कार, सद्भाव और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने के साथ लोगों को आपस में जोड़ने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम में निक्की भगत, अरुण श्रीवास्तव, गब्बर राजपूत, टोनी वर्मा, पंकज तायल, आकाश सारस्वत, नकुल सारस्वत, दीपु चौहान, ज्वाला प्रसाद सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।