आगरालीक्स…आगरा में इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू और उनकी पत्नी का स्वागत करने के लिए सोमवार रात को सीएम योगी आदित्यनाथ आगरा आ गए। वे यहां रात 8 बजे सर्किट हाउस पहुचे।
इस्राइल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू 16 जनवरी को आगरा आएंगे और ताजमहल का दीदार करेंगे। इसे देखते हुए सुबह 10. 20 से दोपहर 12. 30 बजे तक ताजमहल आम पर्यटकों के लिए बंद रहेगा। इसके लिए एक घंटे पहले यानी 9 .20 बजे टिकट मिलना बंद हो जाएंगी। उनके जाने के बाद दोपहर 12. 30 बजे ताजमहल आम पर्यटकों के लिए खुलेगा।
सीएम योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम
सीएम योगी आदित्यनाथ सोमवार रात को आगरा आ गए। वे सर्किट हाउस के सुइट नंबर एक में ठहरेंगे, वे रात को जनप्रतिनिधियों से मिलेंगे। मंगलवार सुबह 10 30 बजे वे खेरिया एयरपोर्ट पर इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू, पत्नी सारा का स्वागत करेंगे। उनके साथ वे होटल अमर विलास आएंगे। यहां इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू, पत्नी सारा ठहरेंगी और यहां से ताजमहल का दीदार करने जाएंगे।
दोपहर 3 .30 बजे आगरा से होंगे रवाना
इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू, पत्नी सारा ताजमहल का दीदार करेंगे। इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सकते हैं। इसके साथ ही निरीक्षण भी कर सकते हैं, वे दोपहर 3 .30 बजे आगरा से रवाना होंगे।
तीसरी बार आगरा में सीएम, करेंगे रात्रि विश्राम
सीएम योगी आदित्यनाथ आगरा में तीसरी बार आए हैं, सबसे पहले उन्होंने एसएन का निरीक्षण किया था, दूसरा बार उन्होंने यमुना पर रबर चेक डेम, ताजमहल के आस पास सफाई के साथ योजनाओं का शिलान्यास किया था। यह उनका आगरा में तीसरा दौरा है, इस बार वे रात्रि विश्राम भी करेंगे। वे निरीक्षण कर सकते हैं, इसे लेकर तैयारियां चल रही हैं।
27 थानों का पुलिस फोर्स लगाया गया
इजराल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू के ताजमहल विजिट के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। रविवार शाम को एसएसपी अमित पाठक ने ताजगंज का निरीक्षण किया। शिल्पग्राम से लेकर दशहरा घाट, पूर्वी गेट, दक्षिणी गेट की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और ताजगंज में ताज से सटी इमारतों की छतों पर फोर्स तैनात करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री एयरपोर्ट से ताजमहल तक जिस रूट से जाएंगे, उस पूरे रूट की चेकिंग चल रही है। 27 थानों का फोर्स लगाया गया है। ताजगंज में होटलों से लेकर ढाबों, दुकानों की चेकिंग चल रही है। यहां छतों पर पुलिस तैनात रहेगी।