आगरालीक्स…आगरा के राजा की मंडी बाजार में हंगामा. अतिक्रमण हटाने पहुंचे बुलडोजर के सामने अड़ गए दुकानदार. प्रवर्तन दल टीम के साथ विरोध प्रदर्शन के दौरान मारपीट. बाजार बंद कर चौकी पहुंचे दुकानदार
आगरा के राजा की मंडी बाजार में बुधवार दोपहर को हंगामा हो गया. नगर निगम की प्रवर्तन दल की टीम बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे यहां बुलडोजर लेकर अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंच गई लेकिन दुकानदारों द्वारा इसका जबर्दस्त विरोध किया गया. प्रवर्तन दल टीम और दुकानदारों के बीच इस दौरान काफी बहस हुई और दुकानदार बुलडोजर के आगे अड़ गए और कार्रवाई का विरोध करने लगे. इस दौरान मारपीट भी हो गई जिससे गुस्साए दुकानदार चौकी पहुंच गए.
आरोप—आते ही बोर्ड तोड़े, लाइटें तोड़ीं
लाभ चंद मार्केट के उपाध्यक्ष नरेंद्र का कहना है कि ढाई बजे नगर निगम की टीम अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंची और आते ही उन्होंने बोर्ड और लाइटों का तोड़ना शुरू कर दिया. इसका विरोध किया गया तो मारपीट की गई. इससे दुकानदारों ने पूरा बाजार बंद कर दिया और आक्रोश जताया.
चौकी पर पहुंचे दुकानदार
आक्रोशित दुकानदार इसके बाद राजा की मंडी चौकी पहुंच गए. यहां पुलिस ने उन्हें आश्वासन दिया और नगर आयुक्त से बात भी की. दुकानदारों का कहना है कि पुलिस ने आश्वासन दिया है कि गुरुवार को जब टीम यहां आएगी तो कितना अतिक्रमण हटाना है इस पर बात की जाएगी. इसके बाद दुकानदारों का गुस्सा शांत हुआ और धीरे—धीरे बाजार भी खुलने लग गया.