आगरालीक्स…आगरा में वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, 6 गिरफ्तार, 3 बाल अपचारी हिरासत में. चोरी की 8 बाइकें और एक स्कूटी मिलीं. मास्टर चाबी से चंद सेकंड में करते थे गाड़ियां चोरी..
आगरा की थाना ताजगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 6 वाहन चोरों को अरेस्ट किया है. इनके अलावा इस गैंग में शामिल तीन बाल अपचारी भी हिरासत में लिए गए है. पुलिस को इनके पास से चोरी की 8 बाइकें और 1 स्कूटी मिली है. वहीं 60 किलो बाइकों के पुर्जे, मास्टर चाबियां भी बरामद की गई है. ये चोर भीड़ भरे बाजार, मॉल मेट्रो स्टेशन आदि जगहों से चंद सेकंड में बाइकें चोरी किया करते थे. पुलिस अब गिरोह में शामिल मैकेनिक, चोरी से जुड़े वाहन कारोबारियों और दूसरे जिलों व राज्यों से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है.
पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य सुनियोजित तरीके से वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे. इसके लिए वे पहले ऐसे स्थानों को चुनते थे, जहां बड़ी संख्या में लोग अपने वाहन खड़े करके आते-जाते हैं. मॉल, मेट्रो स्टेशन, बाजार और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में बाइक खड़ी करने वालों पर उनकी नजर रहती थी. गिरोह के सदस्य इन स्थानों पर घूमकर वाहनों की रेकी करते थे. वे यह देखते थे कि कौन सी बाइक लंबे समय से एक ही स्थान पर खड़ी है और कहां निगरानी अपेक्षाकृत कम है. इसके बाद मौका मिलते ही मास्टर चाबी की मदद से बाइक का लॉक खोलकर उसे लेकर फरार हो जाते थे. पुलिस के अनुसार, आरोपियों को बाइक का लॉक खोलने और वाहन चोरी करने में ज्यादा समय नहीं लगता था. चोरी के बाद वे तत्काल उस स्थान से निकल जाते थे, जिससे किसी को शक न हो.
चोरी की बाइक छिपाकर करते थे सौदा, पुर्जे भी बेचते थे
वाहन चोरी करने के बाद गिरोह के सदस्य सीधे उन्हें बेचने के बजाय कुछ समय तक छिपाकर रखते थे. इसके लिए सुनसान स्थानों और अपने परिचितों के ठिकानों का इस्तेमाल किया जाता था. वारदात के बाद कुछ दिन तक मामला शांत रहने का इंतजार किया जाता था. इसके बाद चोरी के वाहनों को ग्राहकों को बेच दिया जाता था. पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ चोरी की बाइकों को पूरी तरह खोलकर उनके पुर्जे अलग-अलग कर दिए जाते थे. इन पुर्जों को भी बेचने की तैयारी रहती थी। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान करीब 60 किलो बाइक के पार्ट्स बरामद किए हैं. इससे गिरोह के वाहन चोरी के साथ-साथ चोरी के वाहनों को ठिकाने लगाने के तरीके की भी जानकारी मिली है.