आगरालीक्स… पुष्पांजलि हॉस्पिटल के निदेशक के बैंक एकाउंट से 98.70 लाख निकालने के मामले में एचडीएफसी के सहायक मैनेजर को पुलिस ने अरेस्ट कर जेल भेज दिया है। सीसीटीवी से सुबूत जुटाने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है।
संजय प्लेस स्थित एचडीएफसी बैंक में पुष्पांजलि हॉस्पिटल के निदेशक मयंक अग्रवाल का एकाउंट है, यह एकाउंट आयकर विभाग में सीज कर दिया है। इस सीज खाते की पहले 17 जनवरी को केवाईसी अपडेट कराई गई थी। 18 जनवरी को पैसा बाउचर के माध्यम से धर्मेंद्र सिंह के खाते में 98.70 लाख रुपये ट्रांसफर हुआ था। धर्मेंद्र उसी दिन पूरा पैसा कैश निकाल ले गया था।
एसओ हरीपर्वत महेश कुमार गौतम ने बताया कि धर्मेंद्र सिंह के खाते की डिटेल खंगाली गई। इसमें सामने आया है कि धर्मेंद्र सिंह का खाता सहायक मैनेजर ज्ञानेंद्र कुमार ने खुलवाया था। ज्ञानेंद्र रायबरेली का निवासी है। वर्तमान में डिफेंस कालोनी में रह रहा था। पिछले साल धर्मेंद्र के खाते से एक लाख से अधिक रुपये सहायक मैनेजर के खाते में ट्रांसफर भी हुए थे। घटना के दिन के सीसीटीवी फुटेज देखे गए। उसमें धर्मेंद्र सिंह बैंक आता है। बैंक के लिखापढ़ी के काम में सहायक मैनेजर ही उसकी मदद करता है। स्टाफ से बोलता है कि उसने सब चेक कर लिया है। यह जानकारी स्टाफ से पूछताछ में मिली। इसी आधार पर सहायक मैनेजर को धोखाधड़ी के मुकदमे में अरेस्ट कर जेल भेज दिया है।
धर्मेंद्र है फरार
धर्मेंद्र सिंह डौकी क्षेत्र का निवासी है। यह जानकारी भी सहायक मैनेजर से पूछताछ में हुई।
इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा उसे गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा। कर्मचारियों को हिदायत दी गई है कि वे पुलिस की अनुमति के बिना शहर नहीं छोड़ेंगे। पुलिस की जांच में मदद करेंगे।