आगरालीक्स… आगरा के संजय प्लेस में युवक आग की लपटों से घिरा दौड रहा था, लोगों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार , आगरा के संजय प्लेस स्थित इंडियन आॅयल कंपनी में गुरुवार दोपहर तीन बजे मैनपुरी निवासी 21 वर्षीय विवेक जेनरेटर रूम से चीखते हुए बाहर निकला। वह लपटों से घिरा हुआ था। यह देख लोगों के होश उड़ गए। जैसे-तैसे पानी डालकर आग बुझाई गई। उसे इलाज के लिए भेजा गया।
निलंबन के बाद लगाई आग
इंडियन ऑयल के अधिकारियों ने बताया कि विवेक कैंटीन में अस्थाई कर्मचारी है। कैंटीन संचालक रामअवतार शर्मा है। पांच फरवरी से विवेक ऑफिस नहीं आ रहा था। उसे निलंबित किया गया था। कैंटीन ठेकेदार ने उसे हटाया था। विवेक के खिलाफ यूनियन के मुकेश कुमार ने शिकायत की थी। अभद्रता का आरोप लगाया था। विवेक कहां से आया। आग कैसे लगी। यह पता नहीं हैं।
कैंटीन ठेकेदार राम अवतार का कहना है कि विवेक ने अधिकारियों को डराने के लिए यह कठोर कदम उठाया है। उसे अभद्रता पर नौकरी से अस्थाई रूप से हटा दिया गया था। इंडियन ऑयल के अधिकारी पूरे प्रकरण की जांच कर रहे हैं।
विवेक के पिता ने लगाए आरोप
हरीपर्वत थाने पहुंचे विवेक के पिता यतेंद्र ने गंभीर आरोप लगाए। उनका आरोप है कि चार लोग बेटे को पकड़कर जेनरेटर रूम में ले गए। मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी। बाहर से दरवाजा बंद कर दिया। बेटा दीवार कूदकर बाहर आया। एक राहगीर ने आग बुझाई। बेटे ने यह जानकारी दी है।