आगरालीक्स.. आगरा के तीन लोगों के शव ऋषिकेश में मिले हैं, ये तीनों न्यू आगरा क्षेत्र के बताए जा रहे हैं, पुलिस शिनाख्त के प्रयास में जुटी है।
ऋषिकेश के थाना लक्ष्मण झूला क्षेत्र में गंगा घाट पर तीन शव मिले हैं, इसमें से एक की उम्र 55 साल से अधिक है जबकि एक की उम्र 30 से 32 साल और तीसरे की उम्र 12 साल है। ये तीनों की एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। इनके पास से कोई आईडी कार्ड सहित पहचान के लिए अन्य दस्तावेज नहीं मिले हैं। शव के पास में ही कोल्ड ड्रिंक, पानी की बोतल और दो डिस्पोजल गिलास मिले हैं।
वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की मिली पर्ची
तीन शव मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। एक शव की जेब से वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की पर्ची मिली है, पुलिस को आशंका है कि ये तीनों घर से तीर्थ यात्रा के लिए निकले हैं।
शर्ट पर आगरा के टेलर का नाम
एक शव की शर्ट पर मुकेश टेलर नगला पदी, निराला नगर, आगरा 5 लिखा है। ऋषिकेश पुलिस ने आगरा पुलिस को सूचना दी, इसके बाद न्यू आगरा पुलिस मुकेश टेलर निराला नगर के पास पहुंची। उससे जानकारी जुटाई जा रही है। इसके साथ ही आस पास के क्षेत्र में भी जानकारी जुटाई जा रही है, जिससे शवों की शिनाख्त हो सके। इसके बाद ही मौत का कारण पता करने में मदद मिल सकेगी।