आगरालीक्स… आगरा में संजय प्लेस में अवैध पार्किंग चलाकर गुंडई से वाहन चालकों से पैसे वसूलने वाले 15 के खिलाफ मुकदमा, शहर में अवैध पार्किंग में रुपये मांगने वालों को भेजा जाएगा जेल, एसपी सिटी कुंवर अनुपम सिंह ने संजय प्लेस में पुलिस फोर्स के साथ अवैध पार्किंग चालने वालों पर की कार्रवाई।
बुधवार दोपहर में एसपी सिटी कुंवर अनुपम सिंह पुलिस फोर्स के साथ संजय प्लेस पहुंचे, यहां एक के बाद एक दो दर्जन अवैध पार्किंग चलाने वालों पर कार्रवाई की। पार्किंग की स्लिप बांट रहे युवकों को हिरासत में ले लिया। अवैध पार्किंग चलाने वाले करीब 10 लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस ने पूछताछ की।
15 पर मुकदमा
संजय प्लेस में अवैध पार्किंग चलाने वाले 15 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है, इसके साथ ही संजय प्लेस, शाह टॉकीज सहित शहर के अलग अलग स्थानों पर अवैध पार्किंग चलाकर लोगों से वसूली करने वालों को जेल भेजने के आदेश संबंधित क्षेत्र के इंस्पेक्टर को दिए हैं।
पार्किंग के नाम पर गुंडई, वसूल रहे रुपये
एसपी सिटी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि काफी दिनों से शिकायत मिल रही थी कि संजय प्लेस और शाह मार्केट में अवैध पार्किंग में जबरन वसूली की जा रही है। पार्किंग की स्लिप न लेने और विरोध करने पर मारपीट हो रही है। इसके बाद अभियान चलाया गया है, जो भी अवैध पार्किंग और वसूली करते हुए पकडा जाएगा उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाएगा।
आए दिन हो रहे विवाद
शहर में जगह जगह अवैध पार्किंग चल रही है। इन पार्किंग को उस क्षेत्र के गुंडे चला रहे हैं, ये लडकों को काम पर रखते हैं। वाहन चालकों से 10 रुपये से लेकर 20 रुपये तक जबरन वसूले जाते हैं। इसे लेकर आए दिन विवाद हो रहा और मारपीट की जा रही है। शहर के तमाम मॉल और हॉस्पिटल में भी पार्किंग को लेकर विवाद हो रहा है जबकि पार्किंग की सुविधा निशुल्क होनी चाहिए।