आगरालीक्स ..आगरा में लिंग परीक्षण करते हुए हॉस्पिटल संचालक और नर्स को पकडा गया है, राजस्थान की टीम के साथ स्थानीय स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापा मारकर लिंग परीक्षण करते हुए नर्स को रंगे हाथ पकड लिया। इनके पास से टीम द्वारा दिए गए 16 हजार रुपये भी जब्त किए गए हैं।
सोमवार को राजस्थान की पीसीपीएनडीटी ने एजेंट के माध्यम से लिंग परीक्षण कराने के लिए संपर्क किया, यह एजेंट डमी गर्भवती का लिंग परीक्षण कराने के लिए धौलपुर से आगरा लेकर पहुंचा, यहां राजस्थान की टीम ने स्थानीय स्वास्थ्य विभाग की टीम को भी बुला लिया, एजेंट डमी गर्भवती को लेकर केडी हॉस्पिटल, ई 36 ट्रांस यमुना कॉलोनी पहुंचा, यहां केडी हॉस्पिटल संचालक देवेंद्र चौधरी ने 10 हजार रुपये लिए। वे डमी गर्भवती को लेकर क्रष्णा कॉलोनी टेढी बगिया स्थित एक मकान पर आया।
रंगे हाथ लिंग परीक्षण करते हुए पकडा
यमुना पार में क्रष्णा कॉलोनी में छापा मारा, टीम ने एक घर की पहली मंजिल पर लिंग परीक्षण करते हुए रुखसार पत्नी अरमान निवासी शंकर नगर टेढी बगिया को पकड लिया, वह गर्भस्थ शिशु की धडकन की जांच के लिए इस्तेमाल होने वाले फीटल डॉप्लर को गर्भवती महिला के पेट पर घुमाती थी, धडकन की लप डप की आवाज होने लगती है, वह इसे अलग तरह का अल्ट्रासाउंड बताते हुए फर्जी तरीके से गर्भस्थ शिशु को लडकी बता देती थी, टीम ने रुखसार को फीटल डॉप्लर से फर्जी लिंग परीक्षण करते हुए पकड लिया। टीम ने केडी हॉस्पिटल के संचालक देवेंद्र चौधरी और रुखसार से दिए गए 16 हजार रुपये भी जब्त किए हैं।
एक साल पहले पकडी जा चुकी है रुखसार
4 अक्टूबर 2017 को टेढी बगिया स्थित एक मकान से राजस्थान और स्थानीय पीसीपीएनडीटी टीम ने रुखसार, नर्स अनुराधा और एजेंट जितेंद्र को पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन से लिंग परीक्षण करते हुए पकडा था। इसके बाद वह जमानत पर छूट गई और दोबारा से लिंग परीक्षण करना शुरू कर दिया। क्रष्णा कॉलोनी में वह किराए के मकान में रह रही थी।
