आगरालीक्स…आगरा में आज गजगामिनी म्यूजिकल इवनिंग है,
कल्याणकारी महिला समिति के तत्वावधान में हस्तशिल्प मेला आज आगरा क्लब में आयोजित होगा। इसका उद्घाटन सुबह 10.30 बजे मुख्य अतिथि जिलाधिकारी एनजी रवि कुमार कीं धर्मपत्नी हेमलता जी करेंगी। इस संबंध में आगरा क्लब में शनिवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में समिति पदाधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शनी भारत की भव्य सांस्कृतिक विरासत का दर्पण होगी। इसमें तकरीबन 200 स्टाॅल्स पर देश के विभिन्न राज्यों व शहरों के हस्तशिल्प उत्पाद नजर आएंगे। वहीं मेले में महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ ही स्तन कैंसर व अन्य खतरों की पहचान के लिए ब्रेस्ट स्क्रीनिंग की जाएगी। हस्तशिल्प मेले का आयोजन महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना भी है।
समिति अध्यक्ष अशु मित्तल ने बताया कि कल्याणकारी महिला समिति की ओर से आयोजित होने वाले इस हस्तशिल्प मेले का गौरवमयी इतिहास है। विगत 40 वर्षों से यह आयोजित किया जा रहा है जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों से हस्तशिल्पी आकर अपने उत्पाद प्रदर्शित करते हैं। इसके अलावा यह एक अवसर प्रदान करता है विशेषकर महिलाओं को अपनी प्रतिभा को सामने लाने का। समारोह में बतौर मुख्य अतिथि डीएम एनजी रवि कुमार कीं धर्मपत्नी हेमलता जी, विशिष्ट अतिथि के रूप में अपर जिलाधिकारी, नगर केपी सिंह जी उपस्थित रहेंगे। इस आयोजन में प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें गुरमे क्लब के निर्देशन में कुकिंग, होली पब्लिक स्कूल के निर्देशन में ड्राइंग आदि प्रतियोगिताएं शामिल हैं। होटल पीएल पैलेस, होटल क्लाक्र्स शीराज से हाए शैफ, बैकुंठी देवी कन्या विद्यालय की अध्यापिकाएं इन प्रतियोगिताओं में निर्णायकों की भूमिका निभा रहे हैं। रेनबो हाॅस्पिटल की ओर से महिलाओं के लिए स्तन कैंसर की जांच, बीएमडी, बीएमआई जांच आदि निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। सांयकालीन सत्र में सांस्कृतिक एवं रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें गजगामिनी म्यूजिकल ईवनिंग प्रमुख रूप से शामिल है।

मेला संयोजिका नीलिमा पाटनी ने बताया कि मेले में प्रदेश व प्रदेश से बाहर से आए शिल्पियों द्वारा तकरीबन 200 स्टाॅल लगाई जा रही हैं, जिनमें सजावट की चीजें, कपड़े, पत्थर व धातुओं से बनीं वस्तुएं, एक्सेसरीज, गिफट आईटम्स जैसी चीजें शामिल होंगी। उन्होंने बताया कि कल्याणकारी महिला समिति आगरा में महिलाओं के कल्याण एवं उत्थान के लिए काम कर रही है। ऐसे में इस हस्तशिल्प प्रदर्शनी का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार से जोडना भी है। महिलाओं को इस मेले में आमंत्रित किया गया है ताकि अपनी रूचि अनुसार वह अपने लिए सामग्री का चयन कर उसके निर्माण की कला सीखें और स्वरोजगार के प्रति आकर्षित हों। उन्होंने बताया कि मेले में पर्यावरण सुरक्षा के लिए महिलाओं को प्रेरित करने के लिए कपडे के थैलों का वितरण किया जाएगा। कोषाध्यक्ष सविता पालीवाल ने कहा कि हस्तशिल्प एक ऐसा हुनर है, जिसके माध्यम से कोई भी व्यक्ति खासकर महिलाएं घर पर बैठे ही रोजगार प्राप्त कर स्वावलंबी बन सकती हैं और अपने परिवार का भरण-पोषण भी कर सकती हैं। प्राचीन काल में भी हस्तशिल्प का बहुत अहम योगदान रहा है। समिति सचिव रीना गर्ग ने बताया कि इस मेले का लाभ हस्तशिल्पियों को भी होगा, चूंकि वे इतनी मेहनत से जो सामान तैयार करते हैं उसे एक नई जगह प्रदर्शित किया जा सकेगा।
इस अवसर पर विमला आसोपा, स्नेहलता गुप्ता, पुष्पा मेहरा, भावना अग्रवाल, अर्चना अग्रवाल, शीला खण्डेलवाल, सन्तोष गर्ग आदि मौजूद थे।