आगरालीक्स… आगरा में सर्दी में सियासी गर्मी महसूस हो रही है, पीएम नरेंद्र मोदी नौ जनवरी को आ रहे हैं, इससे पहले 4 जनवरी को सीएम योगी आदित्यनाथ आगरा आएंगे, वे यहां समीक्षा करेंगे और पीएम नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम की रुपरेखा तैयार करेंगे। कई योजनाओं का शिलान्यास और घोषणाएं की जा सकती हैं।
लोकसभा चुनाव की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है, आगरा सुरक्षित और पफतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट पर 2014 में भाजपा ने जीत दर्ज की थी। 2014 के चुनाव से पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने कोठी मीना बाजार में सभा की थी। इस बार भी वे आगरा आ रहे हैं, मंगलवार रात को उनका कार्यक्रम फाइनल हो गया, पीएम नरेंद्र मोदी को नौ जनवरी को आगरा आना है। वे आगरा में कई योजनाओं का शिलान्यास कर सकते हैं, कई घोषणाएं और सरकार की पांच साल की उपलब्धि बता सकते हैं। इसके लिए मंगलवार रात को भाजपा सांसदों ने अधिकारियों के साथ बैठक की, उनसे पिछले पांच साल में कराए गए कार्य और वर्तमान में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी मांगी गई।
4 जनवरी को सीएम योगी करेंगे समीक्षा
पीएम नरेंद्र मोदी के आने से पहले चार जनवरी को सीएम योगी आदित्यनाथ आगरा आ रहे हैं, वे यहां अधिकारियों के साथ समीक्षा करेंगे। विकास कार्यों और नई योजनाओं की जानकारी लेंगे, शहर के मुददों से लेकर नई घोषणाओं के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए जाएंगे।