आगरालीक्स… आगरा के डीएवी इंटर कॉलेज की नौंवी की फर्जी मार्कशीट से हाईस्कूल करने वाले विधायक पर मुकदमा, राजस्थान धौलपुर जिले की बाडी विधानसभा सीट से कांग्रेस के विधायक गिर्राज सिंह पर कूट रचित दस्तावेज, सहित अन्य धाराओं में डीएवी इंटर कॉलेज की प्राचार्य द्वारा थाना एमएम गेट आगरा में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
राजस्थान धौलपुर के पार्वती सदन जीटी रोड निवासी जसवंत सिंह गुर्जर ने दो जनवरी, 2019 आगरा में जिला विद्यालय निरीक्षक के यहां राजस्थान के धौलपुर जिले की बाड़ी विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक गिर्राज सिंह के प्रमाणपत्र फर्जी होने की शिकायत की थी। जांच में सामने आया कि गिर्राज सिंह पुत्र छोटेलाल ने डीएवी इंटर कॉलेज, मोतीकटरा से 1हाईस्कूल की परीक्षा वर्ष 2016 में (रोल नंबर – 4001843) प्राइवेट पास की है, डीएवी इंटर कॉलेज, आगरा से प्राइवेट हाईस्कूल की परीक्षा देने के लिए राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बाडी धौलपुर से 1990 में नौंवी परीक्षा उत्तीर्ण करने के दस्तावेज लगाए थे। जांच में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, निधारा, बाड़ी के प्रधानाचार्य ने कहा कि 1990-91 में विद्यालय में माध्यमिक स्तर की कक्षाएं संचालित नहीं थीं। विद्यालय में वर्ष 2009-10 से माध्यमिक स्तर की कक्षाएं संचालित हुई हैं। उच्च माध्यमिक स्तर पर सत्र 2015-16 से कक्षाएं प्रारंभ हुईं। इससे माना जा रहा है कि गिर्राज सिंह ने कक्षा नौ के फर्जी कागजात लगाकर हाईस्कूल की व्यक्तिगत परीक्षा उत्तीर्ण की है।
थाना एमएम गेट में मुकदमा

इस मामले में आगरा के थाना एमएम गेट में डीएवी इंटर कॉलेज के प्राचार्य की तहरीर पर बाडी से कांग्रेस के विधायक गिर्राज सिंह के खिलाफ कूट रचित दस्तावेज सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।