आगरालीक्स… आगरा में महिलाओं में पीरियडस के दौरान स्वच्छता के लिए एक सुर में आवाज उठी। शहर की कई संस्थाएं जब एक मंच पर इकठ्ठा हुईं तो भारत में सैनेटरी पैड्स के इस्तेमाल की यह मुहिम आंदोलन में बदली नजर आई।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आगरा में आज एक और आंदोलन की गूंज सुनाई दी। नाइन मूवमेंट, फाॅग्सी और जेसीआई ने मिलकर अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर रन फाॅर नाइन आयोजित की। यह रन देश के 300 से अधिक शहरों में एक साथ आयोजित हुई, जिसकी अगुवाई लखनउ में फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार ने की। आगरा से फाॅग्सी के पूर्व अध्यक्ष डा. नरेंद्र मल्होत्रा ने लोगों को जागरूक करने के लिए लखनउ में मंच पर उनका साथ दिया जबकि आगरा में उनकी बेटी डा. निहारिका मल्होत्रा ने कमान संभाली। आगरा में सुबह सात बजे हीराबाग पार्क दयालबाग से स्वामीबाग मंदिर, दयालबाग तक पैदल मार्च हुआ। स्मृति, नगर पंचायत स्वामीबाग, कल्याणकारी महिला समिति, क्लब 35 प्लस, लायंस क्लब प्रयास, लीडर्स आगरा, गुरमे क्लब, आगरा आॅब्स एंड गायनी सोसायटी, इंडियन मीनोपाॅज सोसायटी आगरा शाखा, एक पहल, श्री निरोती लाल बौद्ध संस्थान समेत तमाम संस्थाओं के लोग, एनसीसी कैडेट्स और आम नागरिक रन में शामिल थे। सहयोग कर रही हैं। सड़कों पर चल रहे लोग मासिक धर्म स्वच्छता अपनाओ, गलतफहमियों को दूर करो, महिला सशक्तिकरण, बेटी-बचाओ-बेटी पढ़ाओ आदि से जुडे़ नारे लगा रहे थे। भरपूर जोश के साथ महिलाओं के हक में सबने अपनी आवाज बुलंद की। हाथों में तख्तियां पकडे़ चल रहे लोगों ने सड़क से गुजरने वालों का ध्यान भी अपनी ओर खींचा और कई लोगों ने सराहना की। इससे पूर्व पैदल मार्च को सुबह सात बजे हीराबाग पार्क पर मुख्य अतिथि आगरा काॅलेज कीं पूर्व प्राचार्या डा. राजकुमारी शर्मा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। तकरीबन 200 महिला-पुरूषों का यह पैदल मार्च स्वामीबाग मंदिर दयालबाग पर संपन्न हुआ, जहां डा. अमित टंडन, डा. रजनी पचैरी, डा. आरएन गोयल, डा. राजीव लोचन शर्मा, डा. कहकशा खान, डा. आरती मनोज, डा. सीमा सिंह, डा. निधि, डा. दिव्या यादव, डा. योगेश सिंघल आदि चिकित्सकों ने ने मासिक धर्म स्वच्छता को लेकर महिलाओं को जागरूक किया। स्मृति संस्था कीं निदेशक डा. निहारिका मल्होत्रा ने नगर पंचायत स्वामीबाग को एक सैनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन भेंट की। नगर पंचायत स्वामीबाग के अध्यक्ष संजय कपूर ने इस मुहिम की सराहना की और मासिक धर्म को लेकर भ्रांतियों के दूर होने की उम्मीद जताई। लीडर्स आगरा के संरक्षक सुरेश चंद गर्ग ने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़ा यह एक गंभीर विषय है, जिस पर हर किसी को जागरूक होना होगा। संचालन लीडर्स आगरा के महामंत्री सुनील जैन ने किया।
इस अवसर पर रेनबो हाॅस्पिटल के महाप्रबंधक राकेश आहूजा, लवकेश गौतम, केशवेंद्र सिसौदिया, नवनीत, सचिन, धर्मेंद्र आदि मौजूद थे।