आगरालीक्स.. आगरा में यमुना एक्सप्रेस वे पर दौडती बस के 30 फीट गहरे झरना नाले में गिरने से 29 की मौत की पोस्टमार्टम रिपोर्ट दिल दहला देने वाली है। हादसे में 29 में से 12 की मौत पानी में डूबने से हुई है। 17 की मौत का कारण सिर में चोट और पसलियां टूटना आया है, जिनकी मौत डूबने से हुई है, उन्हें समय रहते बस से बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराने से जान बच सकती थी।
लखनऊ से दिल्ली जा रही रोडवेज की जनरथ एसी बस सोमवार सुबह साढे चार बजे इनर रिंग रोड पार करने के बाद यमुना एक्सप्रेस वे से 30 फीट गहरे झरना नाले में गिर गई थी। हादसे में 29 की मौत हो गई और 23 घायल हुए हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सोमवार शाम पांच बजे से 29 शवों के पोस्टमार्टम किए गए, सोमवार देर रात तक 28 पोस्टमार्टम हुए, एक शव का मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम में 12 की मौत का कारण पानी में डूबना आया है, इसके शरीर में ज्यादा चोट नहीं मिली हैं, कुछ के सिर में चोट हैं। जबकि 17 की मौत का कारण सिर में चोट और पसलियों में चोट आया है, इससे अत्यधिक खून बह गया और शॉक हैं हेमरेज से मौत हो गई।
बस से निकल आते तो बच सकती थी जान
एसी बस झरना नाले में गिर गई थी, नाले में पानी भरा हुआ था, यह पानी बस में भरने लगा और बस में फंसे यात्री पानी में डूबने लगे, इन्होंने बचने की भी कोशिश की लेकिन बस से बाहर नहीं निकाला जा सका, इससे हादसे में मरने वालों की संख्या 29 पहुंच गई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हादसे के बाद बस में फंसे लोगों को जल्द बाहर निकालकर इलाज उपलब्ध करा दिया जाता तो मौत कम होती।