आगरालीक्स ..आगरा में इस बार जनकपुरी आयोजन स्थल का चयन कर लिया गया है। इस बार जनकपुरी निर्भय नगर खंदारी में सजाई जाएगी। शुक्रवार को हनुमान मंदिर रामलीला मैदान में आयोजित श्री रामलीला कमेटी की बैठक में निर्भय नगर में जनकपुरी सजाने का निर्णय लिया गया है।
बैठक में शहर की कुछ प्रमुख कॉलोनियों से जनकपुरी सजाने के लिए प्राप्त हुए प्रस्ताव की जानकारी दी गई। निर्भय नगर के प्रस्ताव को सर्वाधिक उपयुक्त मानते हुए बैठक में सर्वसम्मति बन गई।
वहीं, श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष व महामंत्री के वार्षिक चुनाव के लिए आम सभा की बैठक तीन अगस्त को दरेसी स्थित रामस्वरूप कन्या इंटर कॉलेज पर होगी। विधायक जगन प्रसाद गर्ग के निधन के बाद से कमेटी का अध्यक्ष का पद रिक्त है। कमेटी में अध्यक्ष और महामंत्री का चुनाव वार्षिक होता है।
बैठक में महामंत्री श्रीभगवान अग्रवाल ने जनकपुरी के प्रस्तावों की जानकारी दी। उपाध्यक्ष जगदीश प्रसाद बागला ने आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया। बैठक की अध्यक्षता उपाध्यक्ष शांतिस्वरूप गोयल ने की।
बैठक में मन्त्री रामप्रकाश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष प्रेमकिशन अग्रवाल, उपाध्यक्ष भगवान दास बंसल, विष्णुदयाल बंसल, नन्द किशोर अग्रवाल, अनुराग शुक्ला, अशोक जैन, अजय शुक्ला, राजीव अग्रवाल, संजय तिवारी, मनोज अग्रवाल पोली, अतुल बंसल, मनोज अग्रवाल, अंजुल बंसल, रामकिशन मंगल, प्रवीण गर्ग, अशोक राठी, वैभव गर्ग, राकेश अग्रवाल कील वाले, मुकेश कुमार अग्रवाल राहुल गौतम आदि मौजूद रहे।