आगरालीक्स.. सावधान, आगरा में यातायात के नियम तोडने वाले बाइक और कार चालकों को चौराहे पर लगे सीसीटीवी देख रहे हैं, नियम तोडते ही सीसीटीवी में कैद हो रहे रहे हैं, पहले दिन 20 चालान काटे गए, चालान वाहन चालकों के घर भेजे जा रहे हैं।
आगरा के यातायात के नियमों को तोडने वालों पर सख्ती की जा रही है। इसके लिए स्मार्ट सिटी के तहत आगरा के 256 चौराहों पर इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के तहत लगाए गए हाई डेफीनेशन सीसीटीवी कैमरों की मदद ली जा रही है। इन सीसीटीवी कैमरों से यातायात के नियम तोडने वालों पर नजर रखी जा रही है।
एमजी रोड के चौराहों पर चालान की व्यवस्था
सोमवार से एमजी रोड के सूरसदन हरीपर्वत, सेंट जोंस , कलक्ट्रेट और सांई की तकिया चौराहे पर लगे सीसीटीवी से चालान जारी करने की व्यवस्था शुरू की गई। इन चौराहों से होकर गुजरने वाले लोगों पर सीसीटीवी से नजर रखी जा रही है, इसमें हेलमेट और सीट बेल्ट ना लगाने, मोबाइल का इस्तेमाल करने, रेड और यलो लाइन क्रॉस करने, तीन सवारी बैठाने वालों को चिन्हित कर चालान जारी किए जा रहे हैं, ये चालान वाहन चालक के घर पर भेजे जाएंगे। एसएपी यातायात प्रशांत कुमार ने सोमवार को नई व्यवस्था शुरू की, पहले दिन 20 चालान जारी किए गए।
आज से शुरू हो रही व्यवस्था
नई व्यवस्था का सोमवार को ट्रायल हुआ, 20 चालान जारी किए गए। यह व्यवस्था मंगलवार से सुचारु रूप से लागू हो जाएगा, इसके लिए एक अलग से टीम लगाई गई है।