आगरालीक्स ..आगरा में स्कूलों की संस्था अप्सा फीस जमा कराने की मांग कर रही है, अभिभावकों ने पापा एसोसिएशन बनाई है, यह फीस माफ करने की मांग कर रही है।
आगरा के समस्त अभिभावकों की तरफ़ से छात्रों व अभिभावकों के हित मे एक संस्था PAPA- ( PROGRESSIVE AGRA PARENT’S ASSOCIATION) का गठन किया गया है, संस्था सभी अभिभावकों की तरफ़ से अपनी तीन माँगे प्रशासन व सरकार के समक्ष रखती है –
● जब तक सम्पूर्ण भारत मे कोविड 19 के केस शून्य न हो जाएं तब तक स्कूलों को खोलने की अनुमति प्रदान नही की जाये.
● लॉक डाउन पीरियड (तीन माह ) में बंद रहे स्कूलों की फीस माफ़ की जाये.
● यदि स्कूल, ऑन लाइन शिक्षा के प्रशिक्षित शिक्षकों के माध्यम से छात्रों को पढ़वाते हैं तो आधी फीस जमा करने का प्रावधान किया जाये.
छात्रों के हित व अभिभावकों की आवाज को प्रशासन व सत्ता के कानों तक पहुचाने के लिये संस्था अपनी इन तीन माँगों को लेकर कुछ सूत्रीय कार्यक्रमों के साथ सड़क पर उतरेगी, इस कड़ी के प्रथम चरण में आगरा के तमाम अभिभावकों को जोड़ने का प्रयास किया जायेगा, द्वितीय चरण में आगरा के समस्त जनप्रतिनिधियों से समर्थन पत्र के लिये अपील की जायेगी, तृतीय चरण में, जनजागरण अभियान चलाया जायेगा, चौथे चरण में प्रशासन और सत्ता से संस्था की “तीन मांगों” पर सहमति प्रदान करने का अनुरोध किया जायेगा पांचवे चरण पर सड़क के आंदोलन का रास्ता अपनाया जायेगा इस बीच किसी भी शिक्षा संस्थान के द्वारा किसी भी अभिभावक के साथ किसी भी प्रकार की बदसलूकी अथवा किसी भी छात्र का नाम शिक्षा संस्थान के द्वारा उस संस्थान से काटा गया तो “पापा- संस्था” सड़क पर अपना विरोध प्रकट करेगी और इसका दोषी प्रशासन व सत्ता को ही माना जायेगा.
पापा- संस्था ने अपना प्रतिनिधि मंडल तैयार कर लिया है जो किसी भी आकस्मिक स्थिति में अभिभावकों के साथ खड़ा होगा. इस मंडल में सर्व श्री, नरेश खिरवार, अरुण मिश्रा, मनोज शर्मा, सुमित सक्सेना, मनोज गोयल,अमर सिंह, अतिन मित्तल, भरत राजोरा, दिनेश शर्मा, प्रवीण सक्सेना, कपिल गुप्ता, नीरज भार्गव, प्रवीण दीक्षित, रघुनाथ सिंह, संजय अग्रवाल, संजय शर्मा, शोभित, सोनू कक्कड़, व वरुण अग्रवाल. रुचि कोहली जी को शामिल किया गया है.