आगरालीक्स.. आगरा के बिल्डर पर एक करोड की रंगदारी मांगने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस जांच में जुटी हुई है।
आगरा के जोंस मिल में जमीन को लेकर बम ब्लास्ट की साजिश रची गई, इस मामले में रज्जो जैन और पप्पू चौहान जेल में है। इसी मामले में थाना छत्ता पुलिस को पीली कोठी, वजीरपुरा निवासी सुनीता सिंह ने तहरीर दी है। इसमें आरोप लगाया है कि रज्जो जैन, बिल्डर हमेंद्र उर्फ चुनमुन, भूपेंद्र चौहान उर्फ पप्पू चौहान की नजर उनकी जोंस मिल स्थित जमीन पर है। जोंस मिल में उनकी गाटा संख्या 2087 और 1741 मौजा घटवासन में जमीन हैं।
एक करोड की मांगी रंगदारी
सुनीता सिंह का आरोप है कि रज्जो जैन, बिल्डर चुनमुन और पप्पू चौहान उनके घर पर आकर उनसे और उनकी बेटियों पर दबाव बना रहे हैं, उनसे कहा कि एक करोड रुपये धौंस में दे दे नहीं तो अपनी जमीन को भूल जा। पप्पू चौहान आए दिन फोन कर जान से मारने की धमकी देता है। रज्जो जैन धमकी देकर एक लाख रुपये ले गया और कहा कि अब जमीन उसकी हो गई। आरोप है कि उनसे कहा कि यह लिखकर दे दो कि जोंस मिल की जमीन बेचकर उन्हें एक करोड रुपये दे देंगी,इन्कार करने पर जान से मारने की नीयत से गला दबाया। इस मामले में इंस्पेक्टर छत्ता का मीडिया से कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।