आगरालीक्स…ब्रिटेन ने दवा कंपनी फाइजर और बायोएनटेक द्वारा तैयार की गई कोरोना वैक्सीन को मंजूरी दे दी है. इस वैक्सी को मंजूरी देने वाले पहले पश्चिमी देश ब्रिटेन में अगले सप्ताह से यह वैक्सीन उपलब्ध हो जाएगी.
96 फीसदी कारगर
फाइजर कंपनी ने कुछ दिनों पहले ही घोषणा की थी कि वह प्रयोगशाला में कोरोना की ऐसी वैक्सीन बनाने में सफल हो गई है, जो 96 फीसदी कारगर है. जर्मनी की बायो फार्मास्यूटिकल कंपनी बायोएनटैक और उसकी अमेरिकी साझीदार फाइजर ने कल ही यूरोपीय संघ के समक्ष वैक्सीन रजिस्ट्रेशन के लिए औपचारिक निवेदन किया था. ब्रिटेन की मेडिसिन एंड हैल्थकेयर प्रोडक्ट रेगुलेटरी एजेंसी से फाइजर और बायोएनटेक कोरोना वायरस वैक्सीन का आकलन करने की मंजूरी दे दी. ये एजेंसी आक्सफोर्ड विश्वविद्यालय और एस्ट्रोजनेका की वैक्सीन के कठोर सुरक्षा मानकों को भी परेखेगी.
टीकाकरण शुरू कर दिया जाएगा
ब्रिटेन के मंत्री नादिम जहावी के हवाले से दी गई रिपोर्ट में कहा गया है कि यदि सब कुछ योजनानुसार होता है और प्राधिकरण द्वारा मंजूरी दे दी जाती है तो मंजूरी के कुछ ही घंटों बाद वैक्सीन का वितरण और टीकाकरण शुरू कर दिया जाएगा. फाइजर कंपनी के सीईओ डॉ. अल्बर्ट बोरला ने स्पष्ट किया है कि वैक्सीन के तीसरे चरण के ट्रायल के परिणामों के पहले सेट से स्पष्ट हो गया है कि हमारी वैक्सीनकोरोना वायरस से लडने में पूरी तरह सक्षम है.
भारत में भी वैक्सीन का उत्पादन शीघ्र
रूस में बनी कोरोना वैक्सीन स्पूतनिक वी का अंतिम दौर का परीक्षण भारत में शुरू हो गया है. जल्द ही इसके उत्पादन की तैयारी भी शुरू हो गई है. दवा कंपनी डॉ. रेड्डी लेबोरेट्रीज और रूसी प्रत्यक्ष निवेश कोष ने घोषणा की है कि भारत की केंद्रीय ड्रग प्रयोगशाला से आवश्यक मंजूरी मिलने के बाद इस वैक्सीन के अंतिम चरण का परीक्षण शुरू हो गया है, जो बहुस्तरीय और रैंडम टेस्ट पर आधारित शोध होगा, जिसमें वैक्सीन के सुरक्षा और प्रतिरक्षात्मक व्यवहारों का अध्ययन किया जाएगा.