आगरालीक्स…आगरा पुलिस ने चलाया भिक्षावृत्ति के खिलाफ अभियान, कई बच्चे किए रेस्क्यू.
आगरा में गुरुवार को एंटी ह्मूमन ट्रैफिकिंग थाना, चाइल्ड लाइन और बाल अधिकारियों की संयुक्त टीम ने भिक्षावृत्ति के खिलाफ अभियान चलाया. टीम ने न्यू आगरा, हरीपर्वत, सेंट जोंस चौराहा, रकाबगंज और सदर में भीख मांगने वाले बच्चों को रेस्क्यू किया. इन बच्चों की संख्या 14 बताई गई है. टीम ने इन सभी को बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया है. इससे भीख मांगने वाले बच्चों और उनके अभिभावकों में खलबली मच गई. बाल कल्याण समिति ने अभिभावकों को हिदायत देकर बच्चे उनके सुपुर्द कर दिए.
एसएसपी ने की थी बैठक
बच्चों से भिक्षा मंगवाने की जानकारी पर एसएसपी बबलू कुमार ने बीती तीन दिसंबर को एंटी ह्मूमन ट्रैफिकिंग थाना सहित सभी थानों के साथ बैठक की थी. एसएसपी ने भिक्षावृत्ति रोकने के लिए सभी से अभियान चलाने के आदेश दिए थे.
45 बच्चे किए चिह्नित
सामाजिक कार्यकर्ता नरेश पारस ने एमजी रोड पर सर्वे करके भीख मांगने वाले 45 बच्चों को चिन्हित किया था. इसमें महिलाएं छोटे-छोटे बच्चों को गोद में लेकर भीख मांगती हैं. नरेश पारस ने इसकी सूची एसएसपी को भी सौंपी थी. इस पर गुरुवार को यह अभियान चलाया गया.