आगरालीक्स… पिछले कई दिनों से रिकॉर्ड दर रिकॉर्ड बना रहा शेयर बाजार बुधवार को ऐतिहासिक ऊंचाई पर खुलने के बाद थोड़ी ही देर में सपाट हो गया। वहीं सोने की कीमत आज नरम रही।
सेंसेक्स फिर सपाट
आज सुबह बीएसई का सेंसेक्स 176 अंकों की बढ़त के साथ रिकॉर्ड ऊंचाई 47,789 पर और निफ्टी 48 अंकों की बढ़त के साथ 13,980.90 पर खुला लेकिन थोड़ी देर ही बाद सेंसेक्स और निफ्टी लाल निशान पर आ गए हैं। माना जा रहा है अंतराराष्ट्रीय बाजार से मिले संकेतों की वजह से शेयर बाजार सपाट हो गया। बाद में सेंसेक्स 151 अंक टूटकर 47,462.03 पर और निफ्टी 13,886. 75 पर पहुंच गया।
इन शेयरों में आई तेजी
शुरुआती कारोबार में निफ्टी में सूचीबद्ध 886 शेयरों में तेजी और 343 में गिरावट आई है। पीएसयू बैंक इंडेक्स में एक फीसदी की गिरावट, निफ्टी में जो शेयर बढ़े हैं, उनमें प्रमुख है, यूपीएल, टेक महेंद्र, एचसीएल टेक्नोलाजी, कोटक महेंद्र बैंक और आयशर मोटर्स शामिल हैं।
सोना में नरमी, चांदी की चमक बरकरार
वायदा बाजार में सोने की कीमतों में फिर नरमी आई है, जबकि चांदी की कीमतों में मामूली उतार चढ़ाव बना हुआ है। सोना आज सुबह 50,179 रुपये प्रति दस ग्राम पर खुला, जो गिरावट के बाद दोपहर तक 50,000 रुपये प्रति दस ग्राम तक पहुंच गया। चांदी आज सुबह 68,500 रुपये प्रति किलो पर खुली, जो मामूली गिरावट के बाद 68,429 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई थी।