आगरालीक्स… आगरा में भी बर्ड फ्लू का खौफ गहरा गया है। पशुपालन विभाग एतिहात के तौर पर नमूने लेगा। एमपी, हरियाणा समेत सात राज्यों में बर्ड फ्लू के मामले सामने आने के बाद मुर्गे और अंडे के भाव गिर गए हैं। लोग इनके सेवन से बचने लगे हैं। हालांकि आगरा समेत यूपी में अभी बर्ड फ्लू का कोई मामला सामने नहीं आया है लेकिन आगरा के पशुपालन विभाग द्वारा नमूने लेने की तैयारी की जा रही है।
केरल में बर्ड फ्लू राजकीय आपदा घोषित
देश के हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, केरल, मध्य प्रदेश और राजस्थान में बर्ड फ्लू के कई मामले सामने आने के बाद इससे सटे राज्यों में भी एहतियात बरतना शुरू कर दिया गया है। बर्ड फ्लू को एवियन इनफ्युलेंजा के नाम से भी जाना जाता है। केरल में बर्ड फ्लू को राजकीय आपदा घोषित कर दिया गया है। हरियाणा में बर्ड फ्लू की वजह से एक लाख मुर्गियों की जान चली गई है।
अंडे और मुर्गे के भाव गिरे
बर्ड फ्लू को देखते हुए यूपी के लोग भी एहतियाती कदम उठा रहे हैं। पोल्ट्री फार्म संचालक भी सजगता बरत रहे हैं। बर्ड फ्लू का मामले सामने आने पर अंडे और चिकिन के भाव गिर गए हैं। तीस अंडों की क्रेट के रेट 170 रुपये से 180 रुपये के चल रहे थे, वह अब 150 रुपये प्रति क्रेट पर आ गए हैं। फुटकर में एक अंडा सात रुपये से नीचे गिरकर छह रुपये पर आ गया है। चिकिन के रेटों में भी कमी आई है। चिकन विक्रेताओं का कहना है कि चिकन के खाने वाले भी पिछले दिनों की अपेक्षा अब कम आ रहे हैं। दुकानदारी में कमी आई है। दुकानदारों द्वारा साफ-सफाई का ध्यान रखा जा रहा है।
आगरा में अभी कोई मामला नहीं
पशु चिकित्सा अधिकारी डा. विकास यादव ने बताया कि पशुपालन विभाग बर्ड फ्लू के मामलों को लेकर सजगता बरत रहा है। पाल्ट्री फार्मों में नमूने लेने की तैयारी की जा रही है। विभाग द्वारा समय समय पर नमूने लिए जाते हैं। आगरा में अभी बर्ड फ्लू से संबंधित कोई मामला सामने नहीं आया है। सूर सरोवर पक्षी केंद्र के बारे में जानकारी किए जाने पर बताया कि अभी कहीं से किसी प्रकार की कोई शिकायत नहीं है फिर भी एतिहात के तौर पर चेक किया जाएगा।