आगरालीक्स.. आगरा में बर्ड फ्लू को लेकर चल रहे अलर्ट को लेकर कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया गया। पोल्ट्री फार्म समेत अऩ्य स्थानों से सैंपल लिए जा रहे हैं। वहीं हिमाचल प्रदेश में भी बर्ड फ्लू का मामला सामने आया है। यूपी में अभी तक कोई मामला सामने नहीं आया है।
आगरा कई राज्यों की सीमा से सटा होने के कारण बर्ड फ्लू के लिहाज से काफी संवेदनशील जिला है। इस लिहाज से बाहरी राज्यों से किसी भी प्रकार के पोल्ट्री उत्पाद के लाने पर रोक लगा दी है। पशुपालन विभाग की टीमें पूरी तरह से अलर्ट पर है। शासन के निर्देश पर सदर भट्टी स्थित पशुचिकित्सालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। उपमुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. ओमप्रकाश सिंह को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
पोल्ट्री फार्मों में सफाई व सजगता के निर्देश
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी एवं अपर निदेशक आगरा मंडल डा. वासुदेव तोमर ने बताया कि सभी पोल्ट्री फार्मों और दुकादारों को निर्देश दिए गए हैं कि वह कोई भी पोल्ट्री उत्पाद बाहर से नहीं मंगाएंगे, जो उत्पाद अभी मौजूद हैं, उनको बेच सकते हैं। लेकिन इसके लिए भी उन्हें पूरी सावधानी बरतनी होगी सेनिटाइजर का प्रयोग करने के साथ एप्रिन पहन कर ही पोल्ट्री फार्म में जाने दिया जाए। बाहरी और फालतू लोग एकत्रित नहीं हों। दुकानदारों को भी इसी तरह की हिदायत दी गई है।
अंडे और चिकन खा सकते हैं
उन्होंने बताया कि बर्ड फ्लू को लेकर सतर्कता बरतने के साथ लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अंडा और मुर्गे खा सकते हैं लेकिन अंडे को अच्छी तरह से उबाला और पकाया जाना चाहिेए। इसी प्रकार मुर्गे को भी अच्छी तरह से पकाए जाने पर कोई खतरा नहीं है। इस बारे में भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
पक्षी के पंजे की झिल्ली बैगनी हो जाती है
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने आगरालीक्स को बताया कि बर्ड फ्लू होने पर मुर्गा अथवा अन्य कोई पक्षी होता है तो उसके पंजे की झिल्ली बैगनी रंग की हो जाती है। गले और कलगी का रंग भी इसी प्रकार का होने के साथ आंख और नाक से पानी निकलने लगता है। पक्षी असमान्य व्यवहार करने लगता है। उन्होंने इस प्रकार के किसी पक्षी में लक्षण मिलने पर लोगों को इस प्रकार सूचना देने को भी कहा गया है।
हिमाचल में गूंज पक्षी मिला संक्रमण
हिमाचल प्रदेश में विदेशी वाटर हेडेड गूंज पक्षी में बर्ड फ्लू के लक्षण मिले हैं। पशु चिकित्साधिकारी सदर डा. विकास यादव ने बताया कि यह पक्षी काली और सफेद धारियों का होता है। इस पक्षी में बर्ड फ्लू के लक्षण मिलने के बाद सतर्कता बढ़ा दी गई है। आगरा में टीमों द्वारा नूमने लिए जा रहे हैं। आज 14 स्थानों से नमूने लिए गए हैं।