नईदिल्लीलीक्स… हरियाणा में भाजपा की खट्टर सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया है। तीरथ सिंह रावत उत्तराखंड के नए सीएम होंगे। साथ में देश-विदेश की अब तक की खबरें।
उत्तराखंड के नये सीएम आज ले सकते हैं शपथ
भाजपा सांसद तीरथ सिंह रावत उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री होंगे। आज देहरादून में भाजपा विधायक मंडल की बैठक में इसकी घोषणा की गई। बता दें कि भाजपा में अंदरूनी कलह के चलते कल मंगलवार को त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। तीरथ सिंह रावत गढ़वाल से भाजपा के सांसद हैं। वह लम्बे समय से राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से जुड़े रहे हैं, उन्हें आज ही शपथ दिलाई जा सकती है।
नौसेना में शामिल हुई करंज पनडुब्बी
भारत में बनी आईएनएस करंज पनडुब्बी को आज औपचारिक रूप से भारतीय नौसेना में शामिल कर लिया गया है। मुंबई में नेवी के डाकयार्ड में इस पनडुब्बी को नौसेना में शामिल करने का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस मौके पर नौसेना के एडमिरल करमवीर और सेवानिवृत्त एडमिरल बीएस शेखावत मौजूद थे। मेक इन इंडिया मिशन के तहत पनडुब्बी मझगांव डॉट लिमिटेड ने बनाई है।
खट्टर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव आज
हरियाणा में सत्तारूढ़ भाजपा को आज कांग्रेस द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव का सामना करना होगा। एक ओर जहां मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस का दावा है कि सरकार को समर्थन दे रहे दो निर्दलीय विधायकों ने सरकार से समर्थन वापस ले लिया है। वहीं भाजपा का कहना है कि सरकार को कोई खतरा नहीं है। यह अविश्वास प्रस्ताव भाजपा से ज्यादा दुष्यंत चौटाला की पार्टी जजपा के लिए संकटपूर्ण होगा। पार्टी में इसे लेकर असंतोष व्याप्त है।
चीन लद्दाख में कई अग्रिम मोर्चों से नहीं हटा
अमेरिका के शीर्ष कमांडर एडमिरल फिलिप डेविडसन ने कहा है कि चीन लद्दाख में कई अग्रिम मोर्चों से नहीं हटा है। उन्होंने कहा कि चीनी सेना ने शुरुआती झड़प के बाद जिन क्षेत्रों पर कब्जा किया है, उनसे पीछे नहीं हटी है। डेविडसन ने कहा कि अमेरिका ने भारत को सूचना और ठंडे इलाकों में पहने जाने वाले कपड़े व अन्य उपकरण उपलब्ध कराकर सीमा विवाद में उसकी मदद ली।