आगरालीक्स…आगरा में कोरोना से तेजी से बिगड़ रहे हालात. शनिवार को 3 मौतों के साथ फिर मिले रिकॉर्ड पॉजिटिव..
398 कोरोना संक्रमित मिले
आगरा में कोरोना की दूसरी लहर से हालात तेजी से खराब हो रहे हैं. शनिवार को तीन कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई जबकि रिकॉर्ड 398 कोरोना संक्रमित पिछले 24 घंटे के अंदर मिले हैं. आगरा में कोरोना की रफ्तार जिस तेजी से बढ़ रही है उससे लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है. बेवजह घर से बाहर निकलना बंद करना होगा. इसके अलावा मास्क पहनना और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन अनिवार्य रूप से करें.
आगरा में 1906 एक्टिव केस
आगरा में अब 1906 एक्टिव केस हो गए हैं. मरीजों की इतनी तेजी से संख्या में बढ़ोतरी होने से पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा हेल्थ डिपार्टमेंट भी चिंताजनक स्थिति में है. शनिवार को 398 कोरोना केस मिलने के बाद आगरा में अब तक 13080 कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं. जिनमें से 188 लोगों की मौत हो गई जबकि 10986 लोग इस बीमारी से डिस्चार्ज हो चुके हैं. आगरा का रिकवरी प्रतिशत भी तेजी से गिर रहा है. बीते माह रिकवरी प्रतिशत 98 के पार तक पहुंच गया था वह अब 17 अप्रैल को 83.99 प्रतिशत ही रह गया. आगरा में अब तक 682051 लोगों की टेस्टिंग हो चुकी है.
सख्ती हुई तेज
कोरोना महामारी के प्रसार को रोकने के लिए शासन के आदेश पर आगरा में सख्त कदम उठाए जा रहे हैं. आगरा में नाइट कफ्र्यू लागू है. रविवार को साप्ताहिक बंदी की घोषणा पहले ही हो चुकी है. इधर पहले मास्क न पहनने वालों के 500 रुपये का चालान काटा जा रहा था वह अब डबल कर दिया गया है. अब मास्क न पहनने वालों का 1000 रुपये का चालान काटा जा रहा है. यही नहीं दोबारा मास्क न पहनने पर चालान 10000 रुपये का काटा जाएगा.