आगरालीक्स….आगरा में मरीजों के लिए आक्सीजन लेने सिलेंडर लेकर खुद गोदाम पर जा रहे लोग. डीएम बोले-प्लीज पैनिक न हों, पूरे प्रयास किए जा रहे हैं.
आगरा में आक्सीजन की क्राइसिस छाई हुई है. शहर के कई अस्पतालों में आक्सीजन खत्म होने की सूचनाएं मिल रही हैं. अस्पतालों में तीमारदार द्वारा इसको लेकर हंगामा भी किया जा रहा है. लोग अस्पताल से सिलेंडर लेकर खुद प्लांट तक गैस लेने के लिए जा रहे हैं. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रविवार को टेढ़ी बगिया जलेसर मार्ग स्थित आक्सीजन गोदाम के बाहर काफी संख्या में लोगों की भीड़ पहुंच गई. यहां आक्सीजन न मिलने पर हंगामा भी किया गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को किसी तरह शांत कराया.
वहीं इस संबंध में डीएम पीएन सिंह ने कहा है कि शहर में आक्सीजन की पर्याप्त आपूर्ति के लिए पूरी तरह से प्रयास किए जा रहे हैं. सरकार की ओर से एक टैंकर आक्सीजन का पहले ही आ चुका है. दूसरा रुड़की से यहां आ रहा है जिसे आगरा पुलिस द्वारा एस्कार्ट किया जा रहा है. लोग पेनिक न हों. हमारी तरफ से पूरे प्रयास किए जा रहे हैं. किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी. प्लांट्स तैयार हैं जहां से आक्सीजन की आपूर्ति होगी. उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि नियमों का पालन करें. बेवजह घर से बाहर न निकलें. हम सभी को कोरोना की चेन को ब्रेक करना है. इसके लिए हम सभी को प्रयास करना है.