अलीगढ़लीक्स(चमन शर्मा)… महाराष्ट्र, गुजरात में तबाही मचाने के बाद चक्रवाती तूफान ताउते राजस्थान की ओर कूच कर गया है, वहीं अलीगढ़ में भी ताउते का असर लगातार देखने को मिल रहा है, रुक-रुक कर बारिश हो रही है, कभी कम तो कभी ज्यादा। कल रात से बारिश रुक रुक कर शुरू हुई और आज सुबह से भी लगातार बारिश रुक रुक कर जारी है। मौसम विशेषज्ञ का मानना है कि अभी और तेज बारिश और हवाओं की संभावना है और बारिश लगातार दो-तीन दिन तक जारी रहने के कयास लगाए जा रहे हैं।
बिजली लम्बे समय के लिए रहती है गुम
रुक-रुक कर बारिश होने के कारण बिजली आपूर्ति में भी अव्यवस्थाएं देखने को मिल रही हैं, बिजली लगातार लंबे समय के लिए चली जाती है। आज भी सुबह से बिजली का जाना शुरू हुआ और 3 से 4 घंटे तक बिजली लगातार नहीं आई, इससे लोगों में परेशानी देखने को मिली और बिजली विभाग में फोन आते- जाते रहे।
गर्मी से मिली राहत
जहां एक और चक्रवाती तूफान ताउते के असर से, जिस तरीके से बारिश रुक-रुक कर हो रही है, उससे बिजली की आपूर्ति अव्यवस्थित चल रही है, वहीं दूसरी ओर इस बारिश से मौसम सुहाना हो गया है और जो तापमान है वह भी गिरा है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
पश्चिम उत्तर प्रदेश में अभी यह हैं आसार
मौसम विशेषज्ञ आंधी-बारिश के आसार जता रहे हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तेज बारिश होने की संभावना जताई जा रही है।