आगरालीक्स…(20 May 2021 Agra) आगरा में युवती के आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर डाले. दुष्कर्म के मामले में राजीनामा न करने पर किए वायरल. पढ़ें पूरी खबर
एत्माद्दौला का है मामला
आगरा में दुष्कर्म के मामले में राजीनामा न करने पर आरोपियों ने युवती के आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए हैं. यहीं नहीं आरोपियों ने ये फोटो युवती के रिश्तेदारों को भी भेज दिए हैं. मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मामला एत्माद्दौला क्षेत्र का है. यहां रहने वाली एक युवती से अलीगढ़ के देवसैनी में रहने वाले मनीष कुमार ने दुष्कर्म किया था. इसके बाद वह युवती को ब्लैकमेल करने लगा. युवती ने एक साल पहले आरोपी मनीष के खिलाफ अलीगढ़ के महिला थाने में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करा दिया. इससे पहले ही मनीष ने युवती के कुछ फोटो मोबाइल से ले लिए थे.
सोशल मीडिया पर डाले फोटो
इधर आरोपित द्वारा युवती पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया जाने लगा लेकिन युवती ने कोई समझौता नहीं किया. इस दौरान आरोपित उसे लगातार धमकी देते रहे. पीड़िता के अनुसार आरोपी मनीष ने अपने साथी संतोष व निरोत्तम के साथ मिलकर उसके फोटो को एडिट कर किसी अनजान व्यक्ति के साथ आपत्तिजनक हालत में बना दिए. आरोपी मनीष ने इन फोटोज को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए हैं. इसके साथ ही उसके कई रिश्तेदारों को भी यह फोटो भेज दिए. पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है.