आगरालीक्स…आगरा के एक डायग्नोस्टिक सेंटर में MRI Brain की जांच के चार्ज को लेकर विवाद. कस्टमर पर अभद्रता व मारपीट का आरोप. सीसीटीवी में कैद
एमआरआई के चार्ज को लेकर हुआ विवाद
आगरा में सरकार द्वारा अस्पताल में उपचार और जांच के रेट निर्धारित किए जाने के बाद से कई विवाद सामने आ चुके हैं. रविवार को कमला नगर के ओम डायग्नोस्टिक सेंटर में भी जांच के रेट को लेकर विवाद हो गया. इसका एक सीसीटीवी वीडियो भी वायरल हो गया है. जांच कराने आए युवकों द्वारा अभद्रता करने व गार्ड के साथ मारपीट करने के आरोप में डायग्नोस्टिक सेंटर की ओर से थाना कमला नगर में तहरीर दी गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बी ब्लॉक कमला नगर में ओम डायग्नोस्टिक सेंटर है. यहां पर सुबह करीब साढ़े नौ बजे एक मरीज को रश्मि मेडिकेयर से एमआरआई ब्रेन के लिए भेजा गया था. मरीज के साथ पंकज अग्रवाल तथा दो तीन अन्य लोग भी थे. बताया जाता है कि मरीज आक्सीजन पर था. इस पर तत्काल उसका एमआरआई ब्रेन किया गया. आरोप है कि पेमेंट को लेकर पंकज अग्रवाल ने विवाद करना शुरू कर दिया. उसने सेंटर के स्टाफ के साथ गाली गलौज तथा गार्ड के साथ मारपीट की. घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है. इस संबंध में डायग्नोस्टिक सेंटर की ओर से थाने में तहरीर दी गई है. सेंटर की ओर से बताया गया है कि हमारे यहां सरकार द्वारा निर्धारित रेट ही लिए जा रहे थे. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.