आगरालीक्स…(29 May 2021 Agra) आगरा में दिवंगत शिक्षकों के लिए एक—एक दिन का वेतन इकट्ठा करेंगे साथी. 76 करोड़ इकट्ठा कर बनाएंगे कोष और फिर करेंगे मदद
कोरोनाकाल में कई शिक्षकों की जान चली गई. आगरा में भी 30 शिक्षक, शिक्षामित्र और कर्मचारी व अधिकारी कोरोना की चपेट में आकर अपनी जान गंवा चुके हैं. प्रदेश में इनकी संख्या करीब 1600 से है. लेकिन इनके परिवार के लिए राहत का काम शासन स्तर से कुछ नहीं किया जा रहा है. ऐसे में उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षा संघ ने शासन से अपील की है कि प्रदेशभर के परिषदीय शिक्षकों का एक—एक दिन का वेतन काटकर एक कोष की स्थापना की जाए और उससे इकट्ठे हुए पैसे से दिवंगत साथियों के परिजनों की मदद की जाए. शनिवार को यह फैसला संगठन की वर्चुअल मीटिंग में तय किया गया. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आगरा के जिला मंत्री हरिओम यादव ने कहा कि कोरोना महामारी में शिक्षकों से ली गई 76 करोड़ की आर्थिक सहायता की तरह ही प्रदेश के परिषदीय विद्यालय में कार्यरत संगठन के सदस्य शिक्षकों का एक दिन का वेतन काटकर एक कोष की स्थापना करें और सारी धनराशि को उसमें जमा करा दी जाए. इससे एक अप्रैल से 31 मई 2021 के बीच दिवंगत हुए सभी शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, विशेष शिक्षक व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के आश्रितों के खातों में समानुपात में स्थानांतरित किया जाए.