आगरालीक्स.(.Agra News 9th June). कांग्रेस नेता जितिन प्रसाद ने भाजपा ज्वाइन की, कहा यह मेरी जिंदगी का नया चैप्टर, यूपी में ब्राह्मणों की नाराजगी दूर करने के प्रयास।
बुधवार को दिल्ली में भाजपा ज्वाइन करने के बाद जितिन प्रसाद ने कहा कि मैंने पिछले 8-10 सालों में ये महसूस किया है कि आज देश में अगर कोई असली मायने में संस्थागत राजनीतिक दल है तो भाजपा है। बाकी दल तो व्यक्ति विशेष और क्षेत्र के हो गए मगर राष्ट्रीय दल के नाम पर भारत में कोई दल है तो भाजपा है। मेरा कांग्रेस पार्टी से 3 पीढ़ियों का साथ रहा है। मैंने ये महत्वपूर्ण निर्णय बहुत सोच, विचार और मंथन के बाद लिया है। आज सवाल ये नहीं है कि मैं किस पार्टी को छोड़कर आ रहा हूं बल्कि सवाल ये है कि मैं किस पार्टी में जा रहा हूं और क्यों जा रहा हूं।
जितिन प्रसाद को बीजेपी में शामिल कर ब्राह्मणों की नाराजगी दूर करने का प्रयास
यूपी में 2022 के चुनाव से पहले भाजपा ब्राह्मणों की नाराजगी दूर करने के प्रयास में जुटी है। राजनैतिक गलियारों में चर्चा है कि जितिन प्रसाद ने अपने संरक्षण में बने संगठन ‘ब्राह्मण चेतना परिषद’ के जरिए ब्राह्मणों को जोड़ने का प्रयास करेंगे।